Odisha News: पुरी में सनसनीखेज वारदात, किचन के स्लैब के नीचे दफन मिला महिला का शव, बेटे पर हत्या का आरोप

ओडिशा के पुरी में किराए के मकान की किचन के स्लैब के नीचे एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आरोप है कि महिला के बेटे ने उसकी हत्या के बाद शव को वहीं दफना दिया और फरार हो गया। बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शव बरामद कर जांच शुरू की गई।

Puri News: ओडिशा के पुरी शहर के कुंभापाड़ा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। किराए के मकान की किचन में एक महिला का शव स्लैब के नीचे दफन मिला है। आरोप है कि महिला के बेटे ने उसकी हत्या करने के बाद शव को घर के अंदर ही दफना दिया और मौके से फरार हो गया। मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मकान मालिक मनोरमा साहू को घर की किचन से तेज बदबू आने लगी। शक होने पर उन्होंने सोमवार को स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। मकान मालिक के मुताबिक, करीब दो महीने से एक महिला और उसका बेटा इस घर में किराए पर रह रहे थे। पिछले कुछ दिनों से महिला दिखाई नहीं दे रही थी, जबकि उसका बेटा कथित तौर पर कल ही घर छोड़कर फरार हो गया। महिला और उसके बेटे का कोई पता नहीं चलने और किचन से बदबू आने के बाद मकान मालिक को कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। इसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।

Puri Murder Case

पुरी में मची सनसनी

फरार बेटे की तलाश में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और किचन की तलाशी ली। जांच के दौरान किचन के स्लैब के नीचे दफन महिला का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि मकान किराए पर लेते समय मां-बेटे ने अपनी पहचान से जुड़े कोई दस्तावेज मकान मालिक को नहीं दिए थे। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि उसके पास मां-बेटे से संपर्क करने के लिए सिर्फ एक फोन नंबर था। पुलिस ने उस नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिल रहा है। अब पुलिस फरार बेटे की तलाश में जुटी है। साथ ही मकान मालिक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मां-बेटे की असली पहचान क्या थी और आखिर महिला की मौत कैसे हुई।

End of Feed