क्राइम

Pathan विवाद: Indore को 'लगा दूंगा आग'- बयान देने वाला उवैस कुरैशी गिरफ्तार, कान पकड़ मांगी माफी

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 30, 2023, 10:19 PM IST

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बड़वाली चौकी के विवादास्पद प्रदर्शन को लेकर अब तक कुरैशी समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि कस्तूर टॉकीज परिसर में कथित आपत्तिजनक नारेबाजी को लेकर बजरंग दल के स्थानीय संयोजक तन्नू शर्मा सहित सात लोग गिरफ्तार किए गए हैं।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : iStock

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान स्टारर फिल्म पठान पर गर्माए विवाद के बीच मध्य प्रदेश के इंदौर को लेकर विवादित बयान ('आग लगा दूंगा') देने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार (30 जनवरी, 2023) को सदर बाजार पुलिस थाने के उप निरीक्षक ने इस बारे में बताया कि बड़वाली चौकी क्षेत्र में 25 जनवरी को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान शहर को आग लगाने का बयान देने के आरोप में उवैस कुरैशी उर्फ आवेश को गिरफ्तार किया गया है।

समाचार एजेंसी पीटीआई-भाषा को पुलिस की ओर से यह भी बताया गया कि कथित तौर पर भड़काऊ बयानों और नारेबाजी से भरे इस प्रदर्शन में शामिल कुरैशी और बाकी लोगों के खिलाफ भारतीय दंड विधान की धारा 295-ए (किसी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर किए गए विद्वेषपूर्ण कार्य), धारा 153-ए (धर्म के आधार पर दो समूहों के बीच वैमनस्य फैलाना) और अन्य प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज की गई।

रोचक बात है कि इस बीच सोशल मीडिया पर कथित वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुरैशी दोनों कान पकड़ कर माफी मांगता दिखाई दिया। क्लिप में उसको कहते सुना जा सकता है,‘‘उस दिन बड़वाली चौकी पर जो धरना-प्रदर्शन हुआ था, उसमें मैंने अभद्र भाषा का उपयोग किया था और शहर को जलाने वाली बात की थी। इसके लिए मैं बहुत शर्मिंदा हूं और दोबारा ऐसी हरकत नहीं करूंगा और हिंदू-मुस्लिम एकता को बरकरार रखूंगा।’’

दरअसल, 25 जनवरी को ‘‘पठान’’ के रिलीज होने के दौरान शहर के कस्तूर टॉकीज परिसर में बजरंग दल की अपील पर विरोध प्रदर्शन किया गया था। दक्षिणपंथी कार्यकर्ताओं ने इस दौरान फिल्म के "बेशरम रंग" गाने में शाहरुख खान की सह अभिनेत्री दीपिका पादुकोण को कथित रूप से "भगवा" बिकनी में दिखाने को लेकर तीखा विरोध जताया था। वहीं, मुस्लिम पक्ष का आरोप है कि बजरंग दल के विरोध प्रदर्शन के दौरान पैगंबर हजरत मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक नारा लगाया गया जिससे उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। कथित नारेबाजी के खिलाफ लामबंद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़वाली चौकी में 25 जनवरी को बड़ी तादाद में जुटकर विरोध प्रदर्शन किया था।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ता author

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" ... और देखें

End of Article