Lawrence Bishnoi : गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई से जुड़ी एक हैरान कर देने वाली खबर सोमवार को सामने आई। केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए से पूछताछ में लॉरेन्स बिश्नोई (Lawrence Bishnoi news in Hindi) ने कई बड़े और अहम खुलासे किए हैं। बिश्नोई ने एनआईए के समक्ष अपनी टॉप 10 टारगेट की सूची प्रस्तुत की है। उसने बताया है कि हिटलिस्ट में कौन-कौन लोग शामिल हैं। वहीं, गैंगस्टर ने ये भी स्पष्ट किया है कि उसने गोगी गैंग को दो जिगाना पिस्तौल दिलवाई थीं जिसमें गोल्डी बराड़ ने सहयोगी भूमिका निभाई थी। बिश्नोई इन दिनों गुजरात की जेल में बंद है और सजा काट रहा है। गौरतलब है कि, बिश्नोई ने जो सूची जारी की है उसमें सबसे टॉप पर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान का नाम है। वहीं, दूसरा नाम पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के मैनेजर का है।
गैंगस्टर लॉरेन्स बिश्नोई।
सिद्धू मूसेवाला की हत्या कर चर्चा में आया
पिछले साल 29 मई को पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की मनसा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यहां पर मूसेवाला की गाड़ी पर हमलावरों ने कम से कम 30 राउंड फायर झोंके थे। बाद में इस पूरे हत्याकांड की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के साथी गोल्डी बराड़ ने ली थी। वहीं, बिश्नोई ने मीडिया को दिए बयान में कहा था कि उसने अपने दोस्त की हत्या का बदला लेने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया है।
इन लोगों पर है बिश्नोई की नजर
- सलमान खान
- शगुनप्रीत (सिद्धू मूसेवाला का मैनेजर)
- मनदीप धालीवाल (लक्की पटियाल का गुर्गा)
- कौशल चौधरी (गैंगस्टर)
- अमित डागर (गैंगस्टर)
- सुखप्रीत सिंह बुद्धा (बमबिहा गैंग का सरगना)
- लक्की पटियाल (गैंगस्टर)
- रम्मी मसाना (गौंडर गैंग का गुर्गा)
- गुरप्रीत शेखो (गैंगर गैंग का गुर्गा)
- भोलू शूटर, सनी लेफ्टी, अनिल लठ (विक्की मुद्दुखेड़ा के हत्यारे)
'सलमान को मारकर बनूंगा गुंडा'
तकरीबन दो महीने पहले, लॉरेंस ने एक प्राइवेट चैनल को इंटरव्यू दिया था। इसमें उसने दो टूक होते हुए राजस्थान में काले हिरण के शिकार वाले का मामले का जिक्र किया था और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मरवाने की बात कही थी। इसके अलावा बिश्नोई ने यहां तक कह दिया था कि, जिस दिन वह सलमान की हत्या करवाएगा तब जाकर गुंडा बनेगा। हालांकि उसने ये भी कहा था कि यदि, सलमान गुरु जम्भेश्वर धाम मुक्तिधाम में जाकर माफी मांगें तो उन्हें बख्श दिया जाएगा। बता दें कि गुरु जम्भेश्वर धाम मुक्तिधाम बिश्नोई समाज का धार्मिक स्थल है।
जेल में रहकर उगाही करता है बिश्नोई
अपने दोस्त विक्की की हत्या के बाद से लॉरेंस के सिर पर खून सवार था और इसका बदला लेना चाहता था। इसलिए उसने दो साल पहले मूसेवाला के गांव में शूटर भेजे थे। जिसके बाद गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को सिद्धू मूसेवाला की हत्या के लिए 50 लाख रुपये दिए। वहीं, एनआई बिश्नोई ने बताया है कि, जेल में रहते हुए उसने भरतपुर, फरीदकोट समेत दूसरी कई और जेलों में रहने के दौरान कई बड़े कारोबारियों से रुपये की उगाही की है।
