लुधियाना स्थित फिरोजपुर रोड पर दिन दिहाड़े सरेआम बाइक सवार दो बदमाशों ने एक बोरी में महिला का शव पैक करके डिवाइडर पर फेंक दिया। गनीमत रही की घटना के दौरान रेहड़ी लगाने वाले शख्स ने बोरी फेंकते युवकों को देखा तो उन्हें पूछताछ के लिए रोक लिया। आरोपियों ने बात घुमाते हुए कहा कि वह खराब आम फेंकने आए हैं। शक की सुई गहराने पर रेहड़ी वाले ने तुरंत आरती चौक स्थित पुलिस कर्मियों को सूचित किया, जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। हालांकि, चंद कदमों की दूरी तय करने में पुलिस को आधे घंटे से अधिक का समय लग गया। लिहाजा, दोनों युवक मौका पाकर फरार हो गए। रेहड़ी चालक के मुताबिक, वह नान चने बना रहा था। इसी दौरान उसके पास बैठे एक व्यक्ति ने नीले रंग की बाइक पर दो युवकों को बोरी बांधकर सड़क के डिवाइडर पर फेंकते देखा।
लुधियाना में महिला का शव बरामद (फोटो क्रेडिट टाइम्स नाउ नवभारत)
सिक्योरिटी गार्ड की ड्रेस में आया आरोपी
चश्मदीद के मुताबिक, जब युवकों पूछताछ की कोशिश की गई तो उन्होंने खराब आम फेंकने आने की बात कही। रेहड़ी दुकानदार के अनुसार, बाइक पर जिस युवक ने शव वाली बोरी पकड़ी थी, उसने नीले रंग के सिक्योरिटी गार्ड की ड्रेस पहनी रखी थी। जब वीडियो बनाने का प्रयास किया गया तो आरोपी उससे झड़प करने लगे।
हालांकि, चंद कदमों पर नाका लगाकर खड़े पुलिस कर्मियों ने खुद आने की बजाए आगे थाना पुलिस को सूचित किया। करीब आधे घंटे बाद जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तब तक दोनों आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस को वीडियो सौंप दी गई है, जिसमें आरोपी बोरी फेंकते नजर आ रहे हैं।
थाना डिवीजन नंबर-8 के सब इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने कहा कि सूचना मिली थी कि किसी ने शव बोरी में पैक करके फिरोजपुर रोड पर फेंका है। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही आरोपी फरार हो चुके थे। फिलहाल शव को कब्जे में लिया है। वीडियो भी पुलिस के हाथ लग गई है। हत्या करने वाले प्रवासी लग रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रखवा दिया है।
