गुजरात के आईएएस अधिकारी रंजीत कुमार जे की अलग रह रही पत्नी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। उनके पास से मिले पत्र में कई खुलासे हुए हैं। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री को लिखे सुसाइड नोट में उन्होंने राज्य में उनके खिलाफ दर्ज दो मामलों में खुद को निर्दोष बताया।
सांकेतिक फोटो।
जहर खाकर दे दी जान
जानकारी के अनुासर, आईएएस की पत्नी सूर्या (45) की 21 जुलाई को गांधीनगर के एक अस्पताल में मौत हो गई थी। इससे एक दिन पहले उन्होंने अपने पति के सरकारी आवास के पास एक गार्डन में जहर खा लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गुजरात में तैनात हैं अधिकारी
बता दें कि रंजीत जे कुमार 2005 बैच के आईएएस अधिकारी है। कुमार वर्तमान में गुजरात विद्युत नियामक आयोग (जीईआरसी) के सचिव के पद पर तैनात हैं। पुलिस ने बताया कि आठ महीने पहले पति को छोड़कर गईं सूर्या शनिवार को जब वापस लौटीं, तो वह घर पर नहीं थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें घर में प्रवेश करने से रोक दिया।
सीएम को लिखे पत्र में खुद को बताया निर्दोष
गांधीनगर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) रवि तेजा वासमसेट्टी ने मंगलवार को बताया कि महिला को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को संबोधित तमिल में लिखा एक सुसाइड नोट बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पत्र में सूर्या ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें दो झूठे मामलों में फंसाया गया है। वह करीब आठ महीने पहले यहां से अपना घर छोड़कर तमिलनाडु में अपने दोस्त राजा के साथ रह रही थीं।
पुलिस ने बताया कि सूर्या के खिलाफ हत्या के आरोपी को शरण देने समेत दो मामले दर्ज थे। वासमसेट्टी ने कहा कि सूर्या फरार थी और पुलिस उसका पीछा कर रही थी। पत्र में उसने दावा किया है कि वह फिर से अपने पति के साथ रहने की उम्मीद में गांधीनगर वापस आई थी।
इनपुट- भाषा
