Akola Murder: महाराष्ट्र के अकोला शहर की एक कांग्रेस पार्षद के पति को सरेआम चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद शहर में सनसनी है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि महाराष्ट्र के अकोला शहर की एक कांग्रेस पार्षद के पति की पुरानी दुश्मनी के चलते चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि हत्या के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
अकोल में कांग्रेस पार्षद के पति की हत्या
रेलवे स्टेशन के बाहर हमला
याकूब खान यूनुस खान (57)पर मंगलवार को रेलवे स्टेशन और अग्रसेन चौक के बीच उस समय हमला किया गया जब वे दोपहिया वाहन चला रहे थे। आरोपी वसीम अहमद, जो विपरीत दिशा से आ रहा था, उसने कथित तौर पर अपनी गाड़ी याकूब खान के दोपहिया वाहन से टकरा दी। इसके बाद उसने याकूब खान पर चाकू से कई बार वार किए। युनूस खान की पत्नी रफिया बी याकूब खान पार्षद हैं।
जब आरोपी घटनास्थल से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी पास में मौजूद पुलिस कांस्टेबल प्रवीण धागेकर ने उसे पकड़ लिया और थाने ले गए। पुलिस ने बताया कि यह जानलेवा हमला आरोपी और पीड़ित के बीच पुराने विवादों के कारण हुआ।
पिस्तौल के साथ पंजाब के दो व्यक्ति मुंबई में गिरफ्तार
वहीं, पुलिस ने पंजाब के दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करके उनके पास से तुर्की निर्मित दो अत्याधुनिक पिस्तौल और 50 कारतूस बरामद किए हैं। इसकी जांच की जा रही है कि क्या उनका संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है। यह जानकारी एक अधिकारी ने मंगलवार को दी। अधिकारी ने बताया कि मुंबई अपराध शाखा की जबरन वसूली-रोधी प्रकोष्ठ(एईसी) ने पंजाब निवासी रंजीत सिंह (36) और अमृत पाल सिंह (23) को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे महानगर में अवैध हथियार बेचने की कोशिश कर रहे थे।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस निरीक्षक अरुण थोराट को मिली विशेष सूचना के आधार पर जबरन वसूली-रोधी प्रकोष्ठ ने वाडी बंदर इलाके में जाल बिछाया। उन्होंने बताया कि वहां दोनों आरोपियों को उस समय पकड़ा गया, जब वे हथियारों के सौदे को अंजाम देने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से तुर्की निर्मित एक-एक जिगाना पिस्तौल और 25-25 कारतूस बरामद किए। पुलिस उपायुक्त (अपराध) राज तिलक रोशन ने पुष्टि की कि जब्त किए गए हथियार तुर्की में निर्मित हैं।
पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों आरोपियों पर पंजाब में हत्या के प्रयास और स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों आरोपी विदेशी हथियार मुंबई के एक स्थानीय गिरोह को देने आए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच में यह भी देखा जा रहा है कि उनका कोई संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से तो नहीं है।
