Crime News: इंस्टाग्राम की दोस्ती और हनीट्रैप की साजिश, सनी रितोलिया तो बच निकला पर 4 की गई जान, रोहतक होटल गोलीकांड का पूरा सच!

सूत्रों के अनुसार, इस साजिश में एक महिला की भूमिका को लेकर जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि वह महिला करीब साढ़े तीन महीने से इंस्टाग्राम के जरिए सनी रितोलिया के संपर्क में थी और धीरे-धीरे उसकी नजदीकी और भरोसा जीत चुकी थी।

Rohtak Hotel Shooting: हरियाणा के रोहतक में हुए होटल गोलीकांड की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं, मामला किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसा नजर आ रहा है। 'इंडिया टुडे' की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार तड़के रोहतक के मिलन होटल में हुई इस वारदात के पीछे गैंगवार और कथित 'हनी ट्रैप' की साजिश सामने आई है। हैरानी की बात यह है कि इस हमले का मुख्य निशाना माना जा रहा गैंगस्टर सनी रितोलिया तो बाल-बाल बच गया, लेकिन चार लोगों की मौत हो गई।

police Rohtak firing

रोहतक गैंगवार का सच (AI Image)

साढ़े तीन महीने की चैट और अमेरिका का सपना

सूत्रों के अनुसार, इस साजिश में एक महिला की भूमिका को लेकर जांच चल रही है। बताया जा रहा है कि वह महिला करीब साढ़े तीन महीने से इंस्टाग्राम के जरिए सनी रितोलिया के संपर्क में थी और धीरे-धीरे उसकी नजदीकी और भरोसा जीत चुकी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह महिला गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के करीबी साहिल के कहने पर काम कर रही थी। बदले में उसे अमेरिका में सुरक्षित पहुंचाने और वहां सेटल होने में मदद का वादा किया गया था। हिमांशु भाऊ कथित तौर पर अपने भाई रोहित और चाचा बजरंग की हत्या का बदला लेने के लिए रितोलिया को रास्ते से हटाना चाहता था।

डिनर के दौरान बरसीं गोलियां, चार की मौत

रितोलिया उस महिला और अपने तीन साथियों—रिंकू, यश और विनीत के साथ मिलन होटल में डिनर के लिए गया था। गोलीबारी में सनी रितोलिया तो बच निकला, लेकिन झज्जर जिले के एक गांव के रहने वाले उसके तीनों साथियों की मौत हो गई। चौथा मृतक हिमांशु बताया जा रहा है, जो भालौट में अपने मामा से मिलने आया था और आशंका है कि वह गलत पहचान के चलते गोलीबारी का शिकार हो गया। घटना के वक्त होटल में करीब 40 से 50 लोग मौजूद थे।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात, महिला बैंकॉक भागी

सामने आए सीसीटीवी फुटेज में पांच नकाबपोश लोग होटल के अंदर फायरिंग करते दिख रहे हैं, वहीं काले कपड़े पहने एक महिला की मौजूदगी भी कैद हुई है, जिसके बारे में माना जा रहा है कि यह वही महिला है जिसने रितोलिया को जाल में फंसाया। सूत्रों के अनुसार, हमलावर राठी और हिमांशु भाऊ गिरोह से जुड़े थे, जबकि अन्य गिरोहों ने कथित तौर पर रसद और मदद मुहैया कराई। वारदात के बाद रितोलिया की ओर से संभावित जवाबी कार्रवाई के डर से वह महिला बैंकॉक भाग गई।

पहले भी बच चुका है सनी रितोलिया

यह पहली बार नहीं है जब सनी रितोलिया पर जानलेवा हमला हुआ हो। इससे पहले भी वह कई हमलों में बच चुका है, जिनमें रितोली गांव की एक शराब की दुकान के पास प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के बीच हुई गोलीबारी भी शामिल है। फिलहाल रोहतक और झज्जर पुलिस की करीब दस टीमें मामले की जांच कर रही हैं। अभी तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस ने साजिश में महिला की भूमिका को लेकर आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है।

End Article
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के ...

End of Feed