Greater Noida News: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में दोस्तों ने ही ऐसी हैवानियत की है कि पीड़ित युवक की जान पर बन आई है। दोस्तों ने युवक के गुप्तांग में एयर प्रेशर मशीन डालकर हवा भर दी, जिससे युवक का पेट फुल गया और आंतें फट गईं। इस मामले में पुलिस ने पीड़ित के दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
ग्रेटर नोएडा में युवक के गुप्तांग में एयर प्रेशर पाइप डालकर हवा छोड़ने वाले गिरफ्तार
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- नाम बदलकर करता था शादी; 25 से अधिक महिलाओं को शिकार बनाकर ठगे करोड़ों, अब हुआ गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा की है घटना
मिली जानकारी के अनुसार घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा क्षेत्र की है। जहां मजाक-मजाक में दोस्तों द्वारा एक युवक के गुप्तांग में एयर प्रेशर पाइप डालकर हवा छोड़ने का मामला सामने आया है। इस घटना में युवक की आंतों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
कैसे दिया घटना को अंजाम?
पुलिस के अनुसार, घायल युवक और दोनों आरोपी एक ही स्थान पर सफाई कर्मी के रूप में कार्य करते हैं। आरोप है कि सफाई के दौरान युवक झुककर काम कर रहा था, तभी उसके दो साथियों ने उसके गुप्तांग में एयर प्रेशर पाइप डालकर तेज दबाव से हवा छोड़ दी। एयर प्रेशर के कारण युवक के पेट में हवा भर गई और उसकी आंतें क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने क्या एक्शन लिया?
सूचना मिलने पर रबूपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुवाती जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर मजाक या खेल-खेल में यह हरकत की थी, लेकिन इसके परिणाम बेहद गंभीर साबित हुए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
