Flipkart Delivery Boy Arrested: बेंगलुरु में एक महिला के साथ कथित अभद्र हरकत करने के आरोप में फ्लिपकार्ट के एक डिलीवरी कर्मचारी को पुलिस (Bengaluru Police) ने गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के आधार पर बेंगलुरु के मराठाहल्ली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपी की पहचान विजय मल्लिकार्जुन कामत के रूप में हुई।
बेंगलुरु में डिलीवरी बॉय की घिनौनी करतूत
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह मामला तब चर्चा में आया, जब एक एक्स यूजर ने इस घटना को लेकर पोस्ट किया। पोस्ट में दावा किया गया कि फ्लिपकार्ट का एक डिलीवरी कर्मचारी महिला के घर पहुंचा और कथित तौर पर जबरन वॉशरूम तक चला गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'भाजपा का गढ़ अब कमजोर', बांकीपुर उपचुनाव से पहले प्रशांत किशोर का बड़ा दावा, बोले-लालू के डर से मिलते थे वोट
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद उसने महिला के सामने अश्लील हरकत की। पोस्ट में महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठाते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने तुरंत संज्ञान लिया। पुलिस ने शिकायत को व्हाइटफील्ड डिवीजन के अधिकारियों को भेजा और जांच शुरू कर दी। बाद में व्हाइटफील्ड के पुलिस उपायुक्त ने पुष्टि की कि मराठाहल्ली पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है। इस घटना के बाद एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और डिलीवरी कर्मचारियों के सत्यापन जैसे मुद्दों पर बहस तेज हो गई है। वहीं, खबर लिखे जाने तक फ्लिपकार्ट की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।
