Meerut News: मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार यहां पत्नी से कहासुनी पर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर पहले अपने चार साल बेटे को जहर पिलाया फिर खुद भी जान देने की नीयत से जहरीला पदार्थ खा लिया। पुलिस ने बताया कि इलाज के दौरान पिता और पुत्र दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह दर्दनाद घटना किठौर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर शकरपुर गांव की है। मृतक की पहचान रहदरा गांव निवासी कपिल (करीब 35 वर्ष) और उसके चार वर्षीय बेटे कृष्णा उर्फ लड्डू के रूप में हुई है।
मेरठ में पारिवारिक कलह ने उजाड़ा पूरा परिवार (प्रतीकात्मक फोटो)
पांच साल पहले हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, कपिल की शादी करीब पांच साल पहले गोविंदपुर शकरपुर गांव की निवासी काजल से हुई थी। दंपति के दो बच्चे थे। बताया जा रहा है कि तीन जुलाई को काजल की बहन की शादी के कारण वह मायके में रुकी हुई थी। वहीं चार जुलाई को कपिल पत्नी को घर ले जाने के लिए पहुंचा, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों का हवाला देते हुए काजल ने कुछ दिन और रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
किसमें मिलाकर पिलाया जहर?
पुलिस ने जानकारी दी कि, शुक्रवार को कपिल दोबारा ससुराल पहुंचा, जहां पति-पत्नी के बीच फिर कहासुनी हुई। इसके बाद वह शाहजहांपुर स्थित रिश्तेदार के घर भी गया, जहां उसे समझा कर वापस भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, इसके बाद कपिल ने कथित रूप से अपने चार वर्षीय बेटे कृष्णा को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया।
दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ जारी
बच्चे की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद कपिल ने भी कथित रूप से जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार तड़के उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। किठौर थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
