फरीदाबाद : यौन उत्पीड़न की शिकार एक 22 वर्षीय युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पीड़ित परिवार ने पलवल थाना कैम्प पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की, जबकि उनकी बेटी को मुंबई में फिल्मी सितारों से मिलवाने के बहाने उसके साथ कई बार रेप किया गया। परिजनों का कहना है कि कार्रवाई में हीलाहवाली होने पर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली।
(सांकेतिक फोटो)
विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी
मामला बीते रोज दोपहर करीब 12 बजे का है। जब युवती ने अपने ही घर में विषाक्त पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। हालांकि, परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरु दी गई है।
एसीपी अशोक वर्मा ने बताया कि पीड़िता ने जहर खाकर आत्महत्या की है। दरअसल मृतका की मां के द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है की पलवल पुलिस को कुछ समय पहले उनकी बेटी ने यौन शोषण की शिकायत दी थी, जिस पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और लगातार आरोपी पक्ष उसके ऊपर समझौते का दबाव बना रहा था। उसे डराया धमकाया जा रहा था, इसी से तंग आकर उनकी बेटी ने आत्महत्या कर ली है। फिलहाल, शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। जल्द ही पूरे मामले में कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
