Dehradun Triple Murder: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां एक घर में घुसे आरोपी ने कथित तौर पर लूट का विरोध करने पर बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी पर पेचकस से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण तीनों की मौत हो गई।
देहरादून में दिनदहाड़े ट्रिपल मर्डर से सनसनी (प्रतीकात्मक फोटो)
घटना के बाद फरार होने की कोशिश कर रहे आरोपी को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के मुताबिक, विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 में दोपहर करीब तीन बजे यह वारदात हुई। उस समय 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 साल की घरेलू सहायिका शीला घर में मौजूद थीं। आरोप है कि घर में दाखिल होने के बाद आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीन ली। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने पेचकस से उन पर कई वार कर दिए। रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से रिटायर्ड बताए जा रहे हैं।
पड़ोसियों ने आरोपी को पकड़ा
रजनी की चीख सुनकर शीला उनकी मदद के लिए पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। इसके बाद उसने रमेश कपूर को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसी बीच घर से आ रही चीख-पुकार और शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंच गए। भारती भंडारी समेत आसपास के लोगों को देखकर आरोपी वहां से भागने लगा। उसने पेचकस दिखाकर लोगों को डराने की कोशिश भी की, लेकिन पड़ोसियों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पूरे मामले की जांच जारी
घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस को सूचना दी गई थी, लेकिन करीब 10 मिनट तक इंतजार के बावजूद एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद पड़ोसी अपने निजी वाहनों से तीनों को अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर वारदात को लूट से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस हत्या के पीछे किसी अन्य वजह की भी जांच कर रही है। एसएसपी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
