Crime News: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में 14 और 15 वर्षीय दो किशोरियों के साथ कथित रूप से बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है, और पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। एक मामले में आरोपी महीनों से बच्ची का यौन शौषण कर रहा था, जब मासूम गर्भवती हुई तो हैवानियत का खुलासा हुआ। वहीं दूसरी वारदात में किशोरी ने विरोध किया तो उसने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ रेप किया।
सांकेतिक तस्वीर। (साभार- Freepik)
गर्भवती हो गई 14 साल की बच्ची
अपर पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) हृदेश कठेरिया ने शुक्रवार को बताया कि थाना फेस-3 क्षेत्र के गाड़ी चौखंडी गांव में रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी के साथ एक युवक ने कथित रूप से बलात्कार किया है, जिससे वह तीन माह की गर्भवती हो गई है। अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात को परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी साहिल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है।
जान से मारने की धमकी देकर किया रेप
एक अन्य मामले में, अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) मनीष कुमार मिश्रा ने बताया कि सर्फाबाद गांव में रहने वाली 15 वर्षीय किशोरी के साथ उसके मकान मालिक योगेंद्र यादव ने तीन दिन पहले घर में घुसकर कथित रूप से बलात्कार किया। उन्होंने बताया कि जब किशोरी ने विरोध किया तो उसने गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी दी।
अपर उपायुक्त ने बताया कि किशोरी के परिजनों की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मनीष मिश्रा ने बताया कि किशोरी का मेडिकल परीक्षण करवाया गया है जिसमें बलात्कार की पुष्टि हुई है।
