Content Creator Arrest: गोवा पुलिस ने मोपा स्थित मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को कथित तौर पर ‘भूतिया’ बताने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के लिए दिल्ली के एक कंटेंट क्रिएटर को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी इंफ्लुएंसर ने अपने चैनल का प्रचार करने के लिए ऐसा किया था।
'कंटेट क्रिएटर' गिरफ्तार (प्रतीकात्मक फोट:istock)
उन्होंने बताया कि आरोपी यूट्यूबर की पहचान अक्षय वशिष्ठ के रूप में हुई है और उसने ‘फेसबुक’ चैनल ‘रियल टॉक क्लिप्स’ पर ‘गोवा का भूतिया हवाई अड्डा’ शीर्षक से एक वीडियो कथित तौर पर अपलोड किया था।
पुलिस ने बताया कि चैनल के प्रचार के इरादे से बनाये गये वीडियो क्लिप में हवाई अड्डे के बारे में कथित तौर पर ‘झूठे, दुर्भावनापूर्ण और अंधविश्वासी आरोप’ लगाए गए थे, जिनसे लोगों में भय और चिंता हो सकती थी।
पुलिस ने तकनीकी निगरानी की मदद से वशिष्ठ को दिल्ली के द्वारका इलाके से पकड़ा और उसे गोवा लाकर मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया।पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
