Bihar Train Murder: बिहार में चलती ट्रेन में हुए एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए रेलवे पुलिस ने जो सच सामने रखा है, उसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। बीते 11 जून को ट्रेन यात्रा के दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी देव कुमार गुंजन की गोली मारकर हत्या (Bihar Crime) कर दी गई थी। पुलिस की गहन जांच में खुलासा हुआ है कि इस खूनी साजिश की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतक की अपनी पत्नी है, जो कि सूबे में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) के पद पर तैनात है।
बिहार ट्रेन मर्डर मिस्ट्री का खुलासा
उसने अपने प्रेमी और एक भाड़े के शूटर (कांट्रैक्ट किलर) के साथ मिलकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। मृतक देव कुमार गुंजन जमुई जिले में बिजली विभाग में तकनीशियन के पद पर कार्यरत थे। वारदात वाले दिन वह अपनी पत्नी समिता कुमारी से मिलने के लिए ट्रेन से सुपौल जा रहे थे। इसी दौरान खगड़िया जिले के बदला घाट स्टेशन के समीप ट्रेन में उन्हें गोली मार दी गई थी, जिसके बाद इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: खूंटी डबल मर्डर: बच्चे की कस्टडी के विवाद में पति बना हैवान, साथियों संग मिलकर पत्नी और उसके साथी को उतारा मौत के घाट
पत्नी और उसका आशिक ही निकला साजिशकर्ता
कटिहार रेल पुलिस अधीक्षक हरि शंकर कुमार ने बताया कि जांच के दौरान जब कड़ियों को जोड़ा गया, तो मृतक की पत्नी समिता कुमारी की भूमिका संदिग्ध पाई गई। जब समिता के प्रेमी अजीत कुमार (जो नालंदा में सरकारी तकनीशियन है) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। अजीत ने बताया कि वे दोनों एक-दूसरे से प्यार करते थे और देव कुमार गुंजन को अपने रिश्ते के बीच का सबसे बड़ा रोड़ा मानते थे। इसी बाधा को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने के लिए दोनों ने मिलकर गुंजन की हत्या की साजिश रची।
शूटर को मिली थी सुपारी
इस काम के लिए उन्होंने राजू कुमार उर्फ धीरज नाम के एक पेशेवर अपराधी को सुपारी दी। धीरज का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है और वह साल 2025 के आर्म्स एक्ट के एक मामले में जमानत पर बाहर आया था। शूटर ने योजना के मुताबिक गुंजन की ट्रेन में रेकी की और मौका पाकर गोली मार दी। पुलिस ने हत्या की साजिश और तालमेल के लिए इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद कर लिए हैं। पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य संभावित मददगारों की तलाश में जुटी हुई है। वर्ष 2018 में शादी के बंधन में बंधे इस दंपत्ति की एक पांच साल की मासूम बेटी भी है, जिसका भविष्य अब इस खूनी रंजिश के कारण अंधकार में चला गया है।
