शहर

खूंटी डबल मर्डर: बच्चे की कस्टडी के विवाद में पति बना हैवान, साथियों संग मिलकर पत्नी और उसके साथी को उतारा मौत के घाट

Jharkhand Crime: झारखंड के खूंटी जिले में तजना नदी पुल के पास मिले महिला और युवक के शवों के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इस दोहरे हत्याकांड का मुख्य साजिशकर्ता मृतका का पति ही निकला, जिसने बच्चे की कस्टडी और आपसी विवाद के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।

Image

खूंटी डबल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा

Photo : Times Now Digital

Jharkhand Crime: झारखंड के खूंटी जिले में तजना नदी पुल के पास मिले युवक और महिला के दोहरे हत्याकांड (Khunti Double Murder) का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस वारदात का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि महिला का पति ही निकला। पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद और बच्चे की कस्टडी को लेकर उपजे तनाव ने आखिरकार खूनी साजिश का रूप ले लिया। पति ने अपने साथियों के साथ मिलकर पत्नी और उसके साथी की हत्या करा दी।

10 जुलाई को खूंटी थाना क्षेत्र के धाराटोली स्थित तजना नदी पुल के समीप युवक और महिला के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हुई गहन जांच ने आखिरकार इस ब्लाइंड मर्डर केस की परतें खोल दीं।

पुलिस पूछताछ में जुर्म किया कबूल

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत ने पूछताछ में हत्या की साजिश और वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पूरे गिरोह का खुलासा करते हुए महिला समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में सती देवी, जितेंद्र सिंह उर्फ जयरा, रितेश चौक बड़ाईक, मदन ठाकुर उर्फ मदन प्रमाणिक, कुंदन प्रमाणिक उर्फ संजीत और विजय रंजन शर्मा शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन, मृतक की मोटरसाइकिल, लोहे की दो रॉड, दोनों मृतकों एवं आरोपियों के मोबाइल फोन तथा वारदात के दौरान पहने गए कपड़े बरामद किए हैं।

सबूतों को पुलिस ने किया जब्त

इन साक्ष्यों को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों का एक बच्चा भी है, जिसकी कस्टडी को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ गया था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश ने पति को इतना बेरहम बना दिया कि उसने पत्नी और उसके साथी की हत्या की साजिश रच डाली। इस सनसनीखेज खुलासे के साथ खूंटी पुलिस ने महज कुछ दिनों में दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article