क्राइम

खेल-खेल में हो गया प्यार, PAK लड़की को यूं India बुला किया 'इकरार', पर जब खुली पोल-पट्टी तो 'मुलायम सिंह यादव' गिरफ्तार

  • Produced by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Jan 26, 2023, 05:40 PM IST

19 साल की लड़की ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए यूपी के रहने वाले युवक के संपर्क में आई थी, जिसका नाम मुलायम सिंह यादव है। वह उसे अवैध तरीके से भारत में लेकर आया था। दोनों ने शादी रचा ली थी और वे कुछ समय तक भारतीय सीमा में साथ रहे।

Image

तस्वीर का इस्तेमाल सिर्फ प्रस्तुतिकरण के लिए किया गया है। (फाइल)

Photo : IANS

प्यार भी बड़ी कमाल की चीज है। कब, कहां और किससे हो जाए...? इसका कुछ नहीं पता। हाल ही में ऐसा एक लड़की के साथ हुआ। खेल-खेल में उसे प्यार हो गया...और यह खेल था लूडो का। पर सबसे रोचक बात है पाकिस्तान की यह लड़की हिंदुस्तान के एक लड़के को अपना दिल दे बैठी थी। वह भी मुलायम सिंह यादव नाम के युवक को जो उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखता है। दोनों का प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने न केवल शादी की बल्कि अपने मिलन के लिए गलत तरीका अपनाया और उसके बाद जो कुछ हुआ, उसके चलते लड़का गिरफ्तार कर लिया गया।

यह मामला लगभग एक साल पुराना है। बेंगलुरू के डीसीपी जी गिरीश ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस मसले पर बताया- हमें पता चला था कि बेलंदूर क्षेत्र में एक पाकिस्तानी लड़की (19 साल) रह रही है। हमारी टीम गई और जांच के दौरान यह बात सही पाई गई। वह वहां लड़के के साथ थी, जिसका नाम मुलायम सिंह यादव है और वह यूपी का रहने वाला है। दोनों ने पांच महीने पहले शादी की थी।

उन्होंने आगे बताया, "वे साल भर पहले ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए मिले थे। खेल के दौरान दोनों ने अपने मोबाइल नंबर बदले और बातचीत का सिलसिला चालू हो गया। दोनों एक दूसरे को खूब पसंद करने लगे थे और फिर उन्होंने ठाना कि उन्हें शादी कर लेनी चाहिए।"

दरअसल, लड़के ने उसे पाक से भारत लाने के लिए खास प्लान बनाया था। उसने कहा था कि लड़की कराची से फ्लाइट लेकर काठमांडू आ जाए और फिर वह उसे वहां से पिक कर लेगा। युवक के कहने पर प्रेमिका सितंबर 2022 में आई, जिसके बाद नेपाल के रास्ते उसकी भारत में एंट्री कराई गई। हैरत की बात यह है कि इस दौरान उन्होंने वह कागजी कार्रवाई नहीं पूरी की थी, जो कि एक मुल्क से दूसरे देश जाने के लिए पूरी की जाती है।

बहरहाल, भारत में आने के बाद बेंगलुरू के बेलंदूर सीमा में वे दोनों रहने लगे। वे शादी कर चुके थे। किसी तरह पुलिस को पता लगा कि वहां पाकिस्तानी लड़की अवैध तरीके से भारत में रह रही है, जिसके बाद छानबीन हुई और वे पकड़े गए। जानकारी के मुताबिक, युवती को फॉरनर रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस भेजा गया, जबकि लड़के के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। उस पर फर्जी तरीके से डॉक्यूमेंट बनवाने और अवैध रूप से लड़की को लाकर हिंदुस्तानी सीमा में रहने का केस दर्ज हुआ है।

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!