Aryan Khan Drug Case : आर्यन खान ड्रग केस में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के पूर्व अधिकारी समीर वानखेड़े और शाहरुख खान के बीच वाट्सएप पर हुई बातचीत लीक हुई है। वानखेड़े ने वाट्सएप पर अभिनेता के साथ हुई बातचीत को साक्ष्य के रूप में बॉम्बे हाई कोर्ट में रखा है। इस चैट के मुताबिक आर्यन खान जब जेल में बंद थे तो शाहरुख ने वानखेड़े से मदद मांगी थी। दोनों की वाट्सएप चैट से कई अहम बातें सामने आई हैं।
समीर वानखेड़े के मुश्किलें बढ़ सकती हैं
सूत्रों का कहना है कि आर्यन खान केस में समीर वानखेड़े की मुश्किलें बढ़ सकती हैं क्योंकि सीबीआई को उनके खिलाफ कई अहम सबूत मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक वानखेड़े ने खान परिवार से वसूली की कोशिश की। अब तक की जांच में सीबीआई को वानखेड़े के खिलाफ कई आपत्तिजनक तथ्य मिले हैं। जांच एजेंसी को संदेह है कि समीर वानखेड़े की टीम ने इन्फॉर्मेशन नोट में आखिरी समय में बदलाव किया जिसमें आखिरी पल में कई संदिग्धों के नाम हटाकर आर्यन खान और अरबाज खान के नाम जोड़े गए।
मोबाइल फोन जब्त करने का कोई दस्तावेज नहीं तैयार किया
यही नहीं समीर वानखेड़े की टीम ने आर्यन खान के मोबाइल फोन को जब्त करने का कोई दस्तावेज नहीं तैयार किया। मोबाइल फोन को सीज करने के बाद उसका ना कोई पंचनामा ना ही कोई सीजर मेमो बनाया गया। वानखेड़े की टीम ने कई आरोपियों के कीमती सामान बिना किसी दस्तावेजीकरण के जब्त किया। इनमें आरोपी नूपुर सतीजा की एप्पल वॉच की भी चोरी का आरोप शामिल है।
सिद्धार्थ ही ड्रग्स का पेडलर था
एक और आरोपी सिद्धार्थ शाह और अरबाज के बीच के व्हाट्सएप और टेलीग्राम चैट से ये साफ होने के बावजूद कि सिद्धार्थ ही ड्रग्स का पेडलर था, बावजूद उसे वानखेड़े की टीम ने जाने दिया और उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। एक और आरोपी सौम्या सिंह की भी रिहाई के मामले में समझौते का आरोप। एनसीबी की इन्फॉर्मेशन नोट में उसका नाम था और उसके बैग से रोलिंग पेपर बरामद होने के बाद भी उसे क्लीन चिट दे दी गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से छेड़छाड़ का शक
आर्यन की गिरफ्तारी के समय की एनसीबी कार्यालय के सीसीटीवी फुटेज करप्ट पाए गए। शक है कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ महत्वपूर्ण था और उसके साथ जानबूझकर छेड़खानी की गई। वानखेड़े की टीम ने आर्यन खान और अरबाज़ मर्चेंट को हिरासत में लेने के बाद एनसीबी दफ्तर तक ऑफिस कार के बजाय केपी गोसावी के निजी वाहन में लाया गया था। इसके बाद के पी गोसावी को आर्यन खान के साथ सेल्फी खींचने देना, आर्यन का ऑडियो रिकॉर्ड करना जैसे कई खामियां पाई गई जो वानखेड़े का गोसावी के जरिए पैसे उगाही का प्रयास हो सकता है।
