शहर

कड़ाके की ठंड के बीच झारखंड में यहां Zero हुआ पारा, क्या बर्फबारी भी होगी?

इन दिनों समूचे उत्तर, उत्तर पश्चिम और पूर्वी भारत के अन्य हिस्सों की तरह झारखंड में भी प्रचंड ठंड का प्रकोप देखने को मिल रहा है। तापमान लगातार शून्य की ओर रेस लगाता दिख रहा है और शीतलहर से लोगों का जीना मुहाल है। झारखंड में एक जगह तो पारा शून्य से नीचे पहुंच भी गया है।

Image

झारखंड में पारा शून्य से नीचे, क्या बर्फ गिरेगी?

Photo : AP

उत्तर, पश्चिम और पूर्वी भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर से लोगों का बाहर निकलना मश्किल हो गया है। दिनभर सूरज नहीं निकलने की वजह से कोल्ड-डे जैसे हालात बन गए हैं। तापमान लगातार शून्य की ओर रेस लगा रहा है। बल्कि पहाड़ों में तो कई जगह तो शून्य से नीचे भी पहुंच गया है और जमकर बर्फबारी हो रही है। इस बीच ठंड को और बढ़ाने वाली खबर ये है कि झारखंड में भी एक जगह पारा ने शून्य के आंकड़े को छू लिया है। तो क्या झारखंड में इस जगह भी बर्फ पड़ेगी, चलिए जानते हैं पूरी खबर -

शून्य से नीचे रिकॉर्ड हुआ पारा

झारखंड में प्रचंड ठंड के प्रहार से जीनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। इस बीच मैक्लुस्कीगंज में कल यानी बुधवार 7 जनवरी को तापमान शून्य तक पहुंच गया। तापमान में इतनी गिरावट से जहां मैक्लुस्कीगंज में ठिठुरन बढ़ गई, वहीं जिसने भी यह खबर सुनी वह भी ठंड से सिहर गया। मौसम विभाग के अनुसार मैक्लुस्कीगंज में न्यूनतम पारा -0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि, राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया और कांके क्षेत्र में 2.7 डिग्री तक पारा लुढ़क गया।

खुले में रखे पानी में जम गई बर्फ

जमा देने वाली ठंड के चलते खेतों और पेड़-पौधों के साथ ही घरों की छतों पर भी ओस जमकर बर्फ जैसी परत बन गई। राज्य के कई इलाकों में लोग दिन में भी अलाव के सहारे बैठे हुए हैं। गर्म कपड़ों से भी ठंड का मुकाबला नहीं हो पा रहा है। ठंड का असर राज्य के जंगली और पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित नहीं है, बल्कि मैदानी इलाकों में भी लोग ठंड के प्रचंड प्रहार से हलकान हैं।

फिलहाल ठंड से कोई राहत नहीं

शीतलहर के साथ घने कोहरे का असर भी झारखंड में देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में चाईबासा में न्यूनतम तापमान में 6.8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। डालटनगंज में 4.9 डिग्री और देवघर में 4.7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और भी गिरावट आ सकती है, यानी ठंड से फिलहाल राहत मिलने की कोई गुंजाइश नजर नहीं आ रही है।

यातायात पर पड़ रहा गंभीर असर

प्रचंड ठंड और कोहरे का असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी दिख रहा है। सड़कों पर जहां धुंध के बीच गाड़ियां रेंगती हुई दिख रही हैं, वहीं ट्रेनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। हवाई जहाज घंटों की देरी से उड़ रहे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में हुई बर्फबारी के कारण ठंडी हवाएं झारखंड तक पहुंच रही हैं। इसी कारण आगामी 13 जनवरी तक ठंड और कोहरे से राहत मिलने की कोई संभावना नजर नहीं आ रही है। इस बीच मौसम विभाग ने रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, सिमडेगा और पश्चिम सिंहभूम जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article