शहर

क्यों सता रही है गलन वाली सर्दी, आज जान लीजिए शीत लहर का असली कारण

उत्तर भारत में शीतलहर और कड़ाके की ठंड लगातार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में शीतलहर से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। IMD ने इसका कारण भी बताया है। कई दिल्ली-NCR के साथ ही राज्यों के लिए कोल्ड डे और शीतलहर की चेतावनी जारी की गई है।

Cold wave explained.

आखिर क्यों पड़ रही है इतनी सर्दी, शीतलहर का कारण जानें

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिमी भारत और पूर्वी के साथ उत्तर पूर्वी भारत में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इन इलाकों में शीतलहर का दौर लगातार जारी है। कई राज्यों और शहरों में कोल्ड नाइट के साथ ही कोल्ड-डे का कहर देखने को मिल रहा है। दिनभर सूर्य के दर्शन नहीं हो रहे हैं, ऐसे में लोग दिन-दोपहर में भी कांपते हुए नजर आ रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग ने बताया है कि आखिर क्यों शीतलहर का प्रकोप झेलना पड़ रहा है और क्यों ठंड व घने कोहरे से लोग परेशान हैं और कितने दिन तक यह परेशानी और चलेगी।

IMD का अलर्ट

मौसम विभाग (IMD) ने अगले दो दिनों के लिए पंजाब के साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़, ओडिशा और राजस्थान में भी शीतलहर की चेतावनी जारी की है। यही नहीं, झारखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में भी ठंड का प्रकोप बढ़ने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट

दिल्ली-एनसीआर और पड़ोसी राज्यों में पहले ही ठंड से लोग ठिठुर रहे हैं। इस बीच मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। मतलब साफ है कि उत्तर बारत के मैदानी इलाकों में ठंड का प्रचंड रूप अभी कई दिनों तक और झेलना पड़ेगा।

हरियाणा, बिहार, उत्तराखंड और UP में कोहरे की मार

ठंड के अलावा लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी कोहरे से हो रही है। क्योंकि कोहरे के कारण सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गंभीर असर पड़ रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों तक पंजाब के साथ ही हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाया रहेगा। यही नहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी घने कोहरे की संभावना है।

दिन में भी कड़ाके की ठंड क्यों?

IMD के वैज्ञानिक नरेंद्र कुमार ने बताया कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में 'क्लियर क्लाउड डेंस फॉग लेयर' बन गई है। इसका मतलब ये है कि इस मोटी परत के कारण सूर्य की किरणें धरती तक नहीं पहुंच पा रही हैं, जिसके कारण दिनभर धूप नहीं निकल रही है। इसका नतीजा ये हो रहा है कि दिन में भी तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ है और ‘कोल्ड डे’ की स्थिति पैदा हो रही है।

UP, बिहार, हरियाणा में कोल्ड डे की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश बिहार, हरियाणा, पंजाब के लिए कोल्ड डे और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में दिन का तापमान 4 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे पहुंच गया है। उधर पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और झारखंड के कुछ हिस्सों में भी अगले कुछ दिनों तक हालात ऐसे ही बने रहने की संभावना है।

कल का मौसम कैसा रहेगा?

मौसम विभाग के अनुसार कल यानी गुरुवार 8 जनवरी को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़, हरियाणा, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, पंजाब, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कोल्ड डे से लेकर इंटेंस कोल्ड डे की स्थिति रह सकती है। यही नहीं, 8 से 10 जनवरी के बीच दिल्ली, चंडीगढ़, पंजाब और हरियाणा में शीतलहर का असर देखने को मिलेगा। राजस्थान में 9 से 12 जनवरी तक कड़ाके की ठंड पड़ने के साथ ठिठुरन और बढ़ने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानियों का कहना है कि जब तक घना कोहरा और निचले बादलों की यह परत बनी रहेगी, तब तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। कोहरा की वजह से ठंडी हवा जमीन के पास फंस जाती है और सूरज की गर्मी को धरती तक पहुंचने से रोक देती है। इससे समूचे उत्तर भारत में लगातार शीतलहर बनी हुई है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Digpal Singh
Digpal Singh author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article