यूपी में आज का मौसम (08 Jan 2026): उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घने कोहरे से सड़क, रेल और हवाई यातायात पर भी गंभीर असर पड़ा है। बात अगर उत्तर प्रदेश की करें तो कई जगह शून्य विजिबिलिटी के चलते सड़कों पर लगातार एक्सीडेंट की खबरें आ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल शीतलहर से छुटकारा मिलने की उम्मीद नहीं है। UP के कई जिलों में दिनभर सूर्य नारायण के दर्शन नहीं होने के चलते दिन में भी लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। कोल्ड डे की स्थिति कई जगह बनी हुई है। चलिए जानते हैं उत्तर प्रदेश में आज का मौसम, कल का मौसम और आने वाले कुछ दिनों तक मौसम कैसा रहेगा -
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे पूर्वी भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के ऊपर डिप्रेशन की स्थित बनी हुई है। हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और झारखंड, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के साथ ही उत्तर प्रदेश में भी अगले 3 से 5 दिनों तक शीत लहर की संभावना बनी हुई है।
घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में अगले 5-7 दिनों तक सुबह के समय घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। आज यानी गुरुवार 8 जनवरी को राज्य के कई हिस्सों में घना से बहुत घना कोहरा छाया रह सकता है। शुक्रवार 9 जनवरी से 14 जनवरी के बीच UP के कुछ छिटपुट इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी जारी की है।
कोल्ड डे की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की ठंड पड़ रही है और धूप नहीं आने के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस हो रही है। उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में कल यानी बुधवार 7 जनवरी को कोल्ड-डे की स्थिति देखने को मिली और आज यानी गुरुवार 8 जनवरी को भी कुछ शहरों और ग्रामीण इलाकों में कोल्ड-डे का अटैक झेलने के लिए तैयार रहें। यही नहीं कल यानी शुक्रवार 9 जनवरी को भी राज्य के कई इलाकों में कोल्ड-डे जैसी स्थिति बनी रह सकती है। फिलहाल तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना बी नहीं है और पारा सामान्य से नीचे ही बना रहेगा।
| शहर | न्यूनतम तापमान |
| लखनऊ | 8.2 डिग्री सेल्सियस |
| कानपुर | 8 डिग्री सेल्सियस |
| नोएडा | 11 डिग्री सेल्सियस |
| गाजियाबाद | 12 डिग्री सेल्सियस |
| वाराणसी | 7 डिग्री सेल्सियस |
| आगरा | 7 डिग्री सेल्सियस |
| गोरखपुर | 7 डिग्री सेल्सियस |
| मेरठ | 7 डिग्री सेल्सियस |
सहारनपुर
तापमान में लगातार गिरावट और ठंडी हवाओं ने सहारनपुर में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। बच्चों की सेहत को देखते हुए प्रशासन ने सभी प्राइमरी स्कूल को 14 जनवरी तक बंद कर दिए हैं। बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद में तापमान में गिरावट के साथ ही घना कोहरा भी मुसीबत का कारण बन रहा है। कड़ाके की सर्दी के चलते सुबह की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है। प्रशासन ने 8वीं तक के स्कूल 14 जनवरी तक बंद कर दिए हैं।
मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर में सर्दी के साथ खराब AQI ने लोगों की परेशानी दोगुनी बढ़ा दी है। शीतलहर के चलते बाजारों की चहल-पहल गायब हो गई है। 8वीं तक के स्कूल आज यानी 8 जनवरी तक बंद किए हैं।
लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी में घना कोहरा मुसीबत बना हुआ है। रोडवेज की कई बसें रद्द करनी पड़ी हैं। कोहरे के कारण साइन बोर्ड तक नहीं दिखाई दे रहे हैं। लोग अलाव का सहारा लेकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
देवरिया
पिछले दो हफ्तों से देवरिया में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और इससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। 8वीं तक के स्कूल बंद कर दिए हैं। ठंड से सबसे ज्यादा बुजुर्ग, बच्चे और यात्री प्रभावित हो रहे हैं।
कानपुर
कानपुर में इस बार प्रचंड ठंड ने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। दिनभर कोहरा छाए रहने से सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी काफी कम रहती है। स्कूलों को 12 जनवरी तक बंद कर दिया गया है। थोक बाजार होने के बावजूद व्यापार पर ठंड का काफी असर देखने को मिल रहा है।
बुंदेलखंड
बुंदेलखंड क्षेत्र में घना कोहरा और भीषण सर्दी से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। रात का तापमान काफी नीचे चला जा रहा है। लोग आग और अलाव के सहारे ठंड से जंग लड़ रहे हैं। कोहरे के चलते गाड़ियां दिन में भी लाइट जलाकर चल रही हैं।
प्रयागराज
प्रयागराज में प्रचंड शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। लोग सड़कों पर अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं। माघ मेले में आए श्रद्धालुओं को भी कड़ाके की ठंड झेलनी पड़ रहा है।
गोरखपुर
कोहरा और शीतलहर से गोरखपुर में हालात काफी खराब हैं। सुबह के समय विजिबिलिटी 100 मीटर से भी नीचे गिर जा रही है। ठंडी हवाओं और बादलों के कारण दिनभर धूप नहीं निकल रही, जिससे ठंड और भी बढ़ रही है। ठंड और कोहरा लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं।
वाराणसी
काशी में इन दिनों प्रचंड ठंड का असर दिख रहा है। घाटों पर जहां पहले चहल-पहल रहती थी, अब सन्नाटा पसरा हुआ है। 8वीं तक के स्कूलों को 9 जनवरी तक बंद कर दिया गया है।
चंदौली
चंदौली में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन अस्त-व्यस्त है। कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से गाड़ी चलाना मुश्किल हो गया है। ट्रेनें लेट चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
