दिल्ली : हाल के दिनों में देश कुछ ऐसी खौफनाक कहानियों का गवाह बना है, जो रिश्ते और विश्वास को कटघरे में खड़ी करती हैं। इन मामलों में एक समानता दिखती है, जो जीने-मरने की कसमों पर शक की लकीर खींचती है। जी हां सोनम रघुवंशी, सिया और मेरठ में प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से जान लेने वाली मुस्कान जैसी सनसनीखेज घटनाओं की यादें फिर जिंदा हुई हैं। ऐसा ही कुछ दिल्ली में हुआ है, जहां 22 साल के लंबे वैवाहिक जीवन के बाद अब एक पत्नी पर ही अपने पति की जान लेने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, मंजू उर्फ नाजिया ने अपने कथित प्रेमी चमन के साथ मिलकर मुन्ना लाल की हत्या की खौफनाक साजिश रची और जांच को भटकाने के लिए घर में चोरी की झूठी कहानी गढ़ डाली।
दिल्ली मर्डर केस (फोटो-AI)
दरअसल, 10 अगस्त की सुबह करीब 5:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एक अधेड़ व्यक्ति घायल हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मुन्ना लाल को मृत पाया। शरीर पर चोटों के कई निशान थे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि घर में चोर घुसे थे और झगड़े के दौरान पति की मौत हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - तेजी से पांव पसार रहा H1N1 वायरस, दिल्ली में 6 गुना बढ़े मामले; डॉक्टर से जानिए इसके लक्षण और बचाव के उपाय
शक ने पुलिस को कातिल तक पहुंचाया
लेकिन पुलिस को कहानी पर शक हुआ। CCTV, स्थानीय लोगों से पूछताछ और फॉरेंसिक जांच में साजिश की परतें खुलती गईं। पुलिस के मुताबिक मंजू ने चमन को पति की हत्या के लिए 5 लाख रुपये देने का वादा किया था। आरोप है कि पहले मुन्ना लाल को नींद की गोलियां दी गईं और बाद में चमन घर में पहुंचा। दोनों ने कथित तौर पर मुन्ना लाल की पिटाई की, रस्सी से गला दबाया और करंट भी दिया।
पुलिस के अनुसार हत्या के बाद सबूत मिटाने और चोरी का नाटक रचने की कोशिश की गई। पूछताछ के बाद पुलिस ने मंजू उर्फ नाजिया, चमन और उसके दोस्त किशन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक चमन को कथित तौर पर हत्या के लिए 20 हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। पुलिस का कहना है कि कुछ ही घंटों की जांच में मंजू पर शक गहरा गया और पूछताछ के दौरान कथित साजिश सामने आ गई।
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनंत मित्तल ने बताया कि महिला ने अपने पति की हत्या की साजिश में मदद करने के लिए अपने प्रेमी को पांच लाख रुपये देने का वादा किया था, लेकिन उसे बाद में 20 हजार रुपये दिए। मित्तल ने कहा कि मृतक का बेटा घटना की रात कांवड़ यात्रा में भाग लेने के लिए बाहर गया हुआ था। वह आमतौर पर अपने पिता के साथ रहता था और उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ता था। अधिकारी ने कहा कि दंपती की शादी को 22 साल हो गए थे और उनके तीन बच्चे हैं - दो बेटियां, एक बेटा।
पुलिस को 10 अगस्त की सुबह करीब पांच बजे संगम विहार के रतिया मार्ग इलाके में सड़क पर एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। पुलिस की एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर भेजा गया, जहां मुन्ना लाल खून से लथपथ पड़ा हुआ था और उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे।उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।डीसीपी के अनुसार, जब पुलिस ने नाजिया से पूछताछ की, तो उसने यह दावा करके जांचकर्ताओं को गुमराह करने की कोशिश की कि चोर घर में घुस आए थे और जब उसने उनका मुकाबला किया तो उसके पति की हत्या कर दी और उस वक्त वह सो रही थी।
हालाकि, जांच टीम ने उसके बयान में विसंगतियां देखीं और अपराध स्थल पर कई चीजें पाईं जो उसके बयान से असंगत थीं। पुलिस ने फर्श को साफ करने और खून के निशान हटाने के प्रयास भी देखे।डीसीपी ने बताया कि उसने ने चोरी की फर्जी कहानी को सही साबित करने के लिए घर के सामान को बिखेर दिया।घर के बाहर लगे कैमरों की सीसीटीवी फुटेज से संदेह और गहरा गया।फुटेज में दिखा कि एक नकाबपोश व्यक्ति देर रात करीब 1.45 बजे घर में प्रवेश करता है और करीब 3.15 बजे निकलता है।
डीसीपी ने कहा, "जैसे ही हमने उससे और पूछताछ की, महिला टूट गई और उसने पूरा मामला कबूल कर लिया। उसने टीम को बताया कि उसने अपने प्रेमी चमन और उसके सहयोगी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। मित्तल ने बताया कि महिला ने चमन द्वारा दी गई नींद की गोलियों को पानी में मिलाकर मुन्ना को दी जिससे वह गहरी नींद में सो गया। डीसीपी ने कहा कि इसके बाद दोनों आरोपियों ने मुन्ना लाल का गला घोंटा, बिजली के झटके दिए और उस पर लकड़ी के डंडे से वार किए।
पुलिस के अनुसार, दंपति के घर के पास एक दुकान में मैकेनिक का काम करने वाले चमन का नाजिया के साथ प्रेम प्रसंग है।मित्तल ने बताया कि जांच से पता चला कि हत्या के पीछे कथित मकसद लगातार घरेलू विवाद, वित्तीय मुद्दे, पीड़ित द्वारा पत्नी के साथ मारपीट के साथ-साथ चमन के साथ महिला के संबंध थे। मुन्ना लाल प्रॉपर्टी डीलर था और आर्थिक रूप से संपन्न था, लेकिन नाजिया ने शिकायत की कि वह उसे पैसे नहीं दिए। पुलिस ने कहा कि इसके कारण दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते थे।पुलिस ने जांच के दौरान 15 हजार रुपये नकद बरामद किये।
