Litchi Capital of India: भाई गर्मी का मौसम हो और लीची की बात न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। मई से लेकर जुलाई के बीच यूपी-बिहार और देश के कई अन्य राज्यों में अक्सर आपको लीची देखने को मिल जाएगी। अपने रसीले और मीठे स्वाद से दीवाना बनाना यह फल दुनिया भर में पसंद किया जाता है। गौरतलब यह भी है कि दुनियाभर के कई देशों में लीची की खेती की जाती है, लेकिन कुछ ही इलाके ऐसे हैं जहां इसका उत्पादन इतना बड़े स्तर पर होता है कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय पहचान मिल जाती है।
भारत का लीची कैपिटल
यह फल न केवल किसानों की आय का बड़ा जरिया बनता है, बल्कि व्यापार और निर्यात में भी अहम भूमिका निभाता है। भारत में भी एक ऐसा जिला है, जिसकी लीची अपनी मिठास, गुणवत्ता और बड़े पैमाने पर उत्पादन के लिए दुनियाभर में मशहूर है। यहां दूर-दूर तक फैले बागानों में हर साल लीची की भरपूर पैदावार होती है और इसके सीजन में पूरे इलाके में इसकी मीठी खुशबू फैल जाती है। लीची की खेती ने इस जिले की अलग पहचान बना दी है। यहां हर साल व्यापारी, पर्यटक और फल प्रेमी बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। बेहतरीन स्वाद और रिकॉर्ड तोड़ उत्पादन के कारण यह जिला आज "लीची राजधानी" यानी Litchi Capital of India के नाम से जाना जाता है। ऐसे में आइए जानें इसका नाम।
कौन सा जिला कहलाता है लीची कैपिटल?
यह जिला कहलाता है लीची की राजधानी
दुनियाभर में अपनी खास पहचान बनाने वाला बिहार का मुजफ्फरपुर जिला "लीची की राजधानी" (Litchi Capital of India) के नाम से प्रसिद्ध है। यहां उगाई जाने वाली लीची अपनी मिठास, सुगंध और बेहतरीन गुणवत्ता के कारण देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी काफी पसंद की जाती है। सालों से मुजफ्फरपुर लीची उत्पादन का बड़ा केंद्र बना हुआ है, जहां हजारों किसान इसकी खेती से जुड़े हैं। गर्मियों के मौसम में यहां से बड़ी मात्रा में लीची देश के अलग-अलग राज्यों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाई जाती है।
पीढ़ियों से लीची की खेती करते आ रहे हैं परिवार
मुजफ्फरपुर की जलवायु और मिट्टी लीची की खेती के लिए बेहद अनुकूल मानी जाती है। यहां की उपजाऊ जलोढ़ मिट्टी पेड़ों की अच्छी वृद्धि में मदद करती है, जबकि गर्म और नम मौसम फल को बेहतर स्वाद और गुणवत्ता प्रदान करता है। इसके अलावा स्थानीय किसानों का सालों पुराना अनुभव भी इस खेती की सफलता का बड़ा कारण है। कई परिवार पीढ़ियों से लीची की खेती करते आ रहे हैं, जिससे पारंपरिक तकनीकों और प्राकृतिक तरीकों का लाभ मिलता है।
"शाही लीची" है व्लर्ड फेमस
मुजफ्फरपुर में उगाई जाने वाली “शाही लीची” सबसे प्रसिद्ध किस्मों में गिनी जाती है। यह अपने बड़े आकार, रसदार गूदे, प्राकृतिक मिठास और आकर्षक खुशबू के लिए जानी जाती है। भारतीय और विदेशी बाजारों में इसकी मांग काफी अधिक रहती है। खास पहचान और क्षेत्रीय विशेषता के कारण शाही लीची को भौगोलिक संकेतक यानी GI टैग भी मिल चुका है, जो इसकी मौलिकता को प्रमाणित करता है।
लीची की खेती का जिले की अर्थव्यवस्था में योगदान
यह फल मुख्य रूप से गर्मियों के मौसम में तैयार होता है। मुजफ्फरपुर में लीची की तुड़ाई आमतौर पर मई से शुरू होकर जून तक चलती है। इस दौरान देशभर की मंडियों में ताजा लीची दिखाई देती है। बेहतर गुणवत्ता के कारण इसे कई देशों में निर्यात भी किया जाता है। मुजफ्फरपुर की अर्थव्यवस्था में लीची खेती का महत्वपूर्ण योगदान है। हजारों किसान और मजदूर इस खेती से अपनी आजीविका चलाते हैं। लीची की खेती से लेकर तुड़ाई, पैकिंग और परिवहन तक बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार मिलता है। इसी वजह से मुजफ्फरपुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक प्रमुख फल उत्पादक क्षेत्र के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।
