शहर

Latest Weather Update: खत्म हुआ मानसून का ब्रेक! गर्मी से राहत दिलाएगी झमाझम बारिश

दिल्ली-NCR सहित उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों से पिछले कुछ दिनों से मानसून रूठा हुआ है। मानसून ने ब्रेक लिया तो यहां गर्मी का प्रकोप बढ़ने लगा। लेकिन अब और नहीं, एक बार फिर मानसून सक्रिय होने वाला है और फिर झमाझम बारिश होगी।

Image

बारिश का दौर फिर से होगा शुरू

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है यानी मानसून ब्रेक खत्म होने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से के ऊपर आज एक लो प्रेशर एरिया (निम्न दबाव का क्षेत्र) बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी भारत, उत्तर-पूर्व भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी हिमालयी राज्यों में अगले सात दिनों के दौरान बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। सबसे ज्यादा असर ओडिशा में देखने को मिलेगा, जहां आज कहीं-कहीं 'अत्यधिक भारी बारिश' होने की चेतावनी जारी की गई है।

इसके उलट, उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिम-मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले छह से सात दिनों तक सामान्य से कम बारिश रहने का अनुमान है।

दिल्ली और यूपी में भी बारिश का दौर लौटेगा

IMD के अनुसार दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक की संभावना बनी रहेगी। हालांकि, रविवार 19 और 20 जुलाई को इन क्षेत्रों में बारिश का दायरा बढ़ सकता है और कुछ इलाकों में भारी बारिश भी हो सकती है।

उत्तराखंड में आज से भारी बारिश की संभावना

उत्तराखंड में 15 से 20 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 18 से 20 जुलाई के दौरान भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। पहाड़ी राज्यों में लैंडस्लाइड और अचानक जलस्तर बढ़ने का खतरा भी बना रहेगा।

ओडिशा में हो सकती है अत्यधिक बारिश

लो प्रेशर सिस्टम का सबसे ज्यादा प्रभाव ओडिशा, झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल पर पड़ने की संभावना है। ओडिशा में आज कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी तथा कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।

बिहार में भारी बारिश का अनुमान

बिहार में 20 जुलाई तक अलग-अलग दिनों में भारी बारिश का अनुमान है। 16 से 20 जुलाई के दौरान राज्य के कई हिस्सों में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है। वहीं गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल एवं सिक्किम में भी लगातार तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है।

पूर्वोत्तर पर खूब मेहरबान रहेंगे बादल

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में इस पूरे हफ्ते वर्षा जारी रहने की संभावना है। कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

तेज हवाओं का अलर्ट

IMD ने जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और केरल सहित कई राज्यों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, बिजली गिरने और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की सतही तेज हवाएं चल सकती हैं।

यहां बढ़ेगा गर्मी और उमस का प्रकोप

दिलचस्प बात ये है कि मानसून सक्रिय रहने के बावजूद पूर्वी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कल यानी गुरुवार 16 जुलाई तक गर्म और उमस भरा मौसम बना रह सकता है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी, तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा के कुछ हिस्सों में आज हीटवेव जैसी परिस्थितियां बनने की भी संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से स्थानीय मौसम संबंधी बुलेटिन पर नजर रखने, भारी बारिश वाले क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और बिजली चमकने के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article