Vikramshila Setu: बिहार के भागलपुर में गंगा नदी पर बने महत्वपूर्ण विक्रमशिला सेतु को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। पुल पर मरम्मत और बेली ब्रिज निर्माण का काम तेजी से जारी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि 7 जून तक पुल को आम यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि पुल के जिस हिस्से की स्लैब क्षतिग्रस्त हुई थी, उसका रिप्लेसमेंट कार्य लगभग एक सप्ताह पहले सफलतापूर्वक शुरू कर दिया गया था और अब उस गैप को पूरी तरह भर दिया गया है।
विक्रमशिला सेतु पर तेजी से चल रहा मरम्मत कार्य (फोटो- ANI)
7 जून से फिर खुलेगा विक्रमशिला सेतु
डीएम के मुताबिक, तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट में जिन दो अन्य स्थानों को संवेदनशील बताया गया था, वहां भी लॉन्चिंग ऑपरेशन पूरे कर लिए गए हैं। अब सिर्फ एक अंतिम लॉन्चिंग का काम बचा है, जिसे बहुत जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने पहले ही आम जनता से वादा किया था कि 7 जून तक विक्रमशिला सेतु को यातायात के लिए खोल दिया जाएगा और प्रशासन अपने इस वादे पर कायम है।
चौथे हिस्से पर बनेगा बेली ब्रिज
डीएम डॉ. चौधरी ने बताया कि पुल के चौथे हिस्से में तकनीकी ऑडिट रिपोर्ट के आधार पर विशेष समस्या चिन्हित की गई थी। इसी को देखते हुए वहां अस्थायी लेकिन मजबूत समाधान के तौर पर बेली ब्रिज लगाने का फैसला किया गया है। उन्होंने कहा कि यह कदम सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया जा रहा है ताकि भविष्य में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासन लगातार तकनीकी विशेषज्ञों और विभागीय अधिकारियों के संपर्क में है।
सचिव स्तर पर हो रही मॉनिटरिंग
जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग उच्च स्तर पर की जा रही है। प्रशासन लगातार विभागीय सचिव के संपर्क में है और उनसे समय-समय पर दिशा-निर्देश और मार्गदर्शन मिल रहा है। विक्रमशिला सेतु बिहार के पूर्वी हिस्से के लिए बेहद अहम पुल माना जाता है। पुल पर मरम्मत कार्य और यातायात बंद रहने से भागलपुर समेत कई जिलों के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खासकर रोजाना सफर करने वाले लोगों और व्यापारियों को लंबा रूट लेना पड़ रहा था। अब प्रशासन के आश्वासन के बाद लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें राहत मिलेगी और 7 जून से एक बार फिर विक्रमशिला सेतु पर सामान्य आवाजाही शुरू हो सकेगी।
