Neet Paper Leak: गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित स्वर्ण जयंती पार्क आज छात्रों और युवाओं के गुस्से (Ghaziabad student protest) का केंद्र बन गया, जहां शिक्षा व्यवस्था में लगातार सामने आ रही खामियों को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में पहुंचे छात्रों ने 12वीं कक्षा के रिजल्ट में ग्रेस मार्क्स और मैनुअल चेकिंग की मांग उठाते हुए सरकार और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना था कि इस बार हुए मूल्यांकन में कई विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ है। छात्रों ने आरोप लगाया कि कॉपियों की जांच में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण मेहनती विद्यार्थियों के नंबर उम्मीद से बेहद कम आए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि जिन छात्रों के नंबर कम आए हैं, उनकी कॉपियों की निष्पक्ष मैनुअल चेकिंग कराई जाए और जरूरतमंद छात्रों को ग्रेस मार्क्स देकर राहत दी जाए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में तख्तियां और बैनर दिखाई दिए जिन पर लिखा था ,छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो “ग्रेस मार्क्स हमारा अधिकार है, पेपर लीक माफ नहीं होगा और शिक्षा व्यवस्था सुधरो। इस विरोध प्रदर्शन में NEET पेपर लीक मामला भी प्रमुख मुद्दा बना रहा। छात्रों ने कहा कि लगातार पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में छात्रों के भविष्य के साथ इस तरह का खिलवाड़ न हो। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई। छात्रों का आरोप था कि शिक्षा व्यवस्था में लगातार हो रही गड़बड़ियों के बावजूद सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ता जा रहा है। छात्रों ने कहा कि वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद जब परीक्षा परिणाम में पारदर्शिता नहीं दिखाई देती, तो छात्रों का मानसिक और भावनात्मक रूप से टूटना स्वाभाविक है।
नहीं हुई कार्रवाई हो होंगे बड़े आंदोलन
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जाए ताकि विद्यार्थियों का भरोसा बना रहे। विरोध प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखीं और चेतावनी दी कि यदि जल्द उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा। इंदिरापुरम के स्वर्ण जयंती पार्क में हुआ यह प्रदर्शन अब सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है और शिक्षा व्यवस्था को लेकर एक नई बहस छिड़ चुकी है।
