Varanasi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। लंबे समय से वांछित इनामी बदमाश इरफान को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस दौरान इरफान का साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस दूसरे बदमाश की तलाश कर रही है।
वाराणसी में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वाराणसी के मंडुवाडीह इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। पुलिस से खुद को घिरता हुआ देख बदमाश वहां से भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक गोली बदमाश इरफान के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मोहम्मद इरफान पर 25 हजार रुपये का इनाम था।
आरोपी पर गौ तस्करी समेत 9 मामले दर्ज
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद इरफान पर वाराणसी, कानपुर, कौशांबी, प्रयागराज और चंदौली में कई मामले दर्ज हैं। अधिकारी ने आगे बताया कि आरोपी गौ तस्करी और गैंगस्टर एक्ट में लंबे समय ले वांछित चल रहा था। लंबे समय से पुलिस बदमाश की तलाश कर रही थी। आखिरकार अब पुलिस के हाथ कामयाबी लगी और इनामी बदमाश इरफान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने कहा कि उसके साथी को भी जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
