गाजियाबाद

गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों की ई-चार्जिंग का नया दौर; जल्द ही 20 जगहों पर PPP मॉडल बनकर होंगे तैयार

गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए 20 जगहों पर ई-चार्जिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। नगर निगम और चयनित कंपनी ने सभी तकनीकी बाधाओं को दूर कर लिया है, जिससे निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इस पहल से प्रदूषण नियंत्रण को बल मिलेगा और इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अनुबंध होते ही चार्जिंग स्टेशन का कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा।

Image

गाजियाबाद में ई-चार्जिंग स्टेशन जल्द ही

Photo : Times Now Digital

गाजियाबाद में 20 जगहों पर ई-चार्जिंग स्टेशन बनाने की राह अब पूरी तरह साफ हो गई है। नगर निगम और चयनित कंपनी ने तकनीकी बाधाओं को दूर कर लिया है। निगम ने कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है, और इस महीने अनुबंध होने के साथ ही चार्जिंग स्टेशन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इस पहल से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि शहर में वायु प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। डीजल और पेट्रोल वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने पर जोर दिया जा रहा है।

इसी लक्ष्य से 20 जगहों पर चार्जिंग स्टेशन बनाने की योजना बनाई गई थी। चार्जिंग स्टेशन पीपीपी मॉडल पर बनाए जाएंगे। निगम ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर एक कंपनी का चयन किया था, लेकिन कुछ तकनीकी अड़चनों की वजह से काम रुका हुआ था। हाल ही में निगम और कंपनी के अधिकारियों की बैठक में सभी समस्याओं का समाधान निकाल लिया गया। अब वर्क ऑर्डर मिलने के बाद अगले सप्ताह अनुबंध किया जाएगा और चार्जिंग स्टेशन निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। इससे इलेक्ट्रिक वाहन उपयोगकर्ताओं को बड़ी सुविधा मिलेगी और प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को बल मिलेगा।

शुल्क के दो तरीके

इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों पर शुल्क दो तरीकों से लिया जाएगा, पहला - धीमी गति से चार्ज होने वाले वाहनों के लिए प्रति यूनिट 8 रुपये और तेज गति से चार्ज होने वाले वाहनों के लिए प्रति यूनिट 15 रुपये। इसमें से प्रत्येक यूनिट पर 1 रुपये निगम को दिया जाएगा। शहर में लगभग 4,000 दोपहिया ई-वाहन हैं, जो धीमी गति से चार्ज होते हैं, जबकि पूरे जिले में 38,000 से अधिक ई-वाहन पंजीकृत हैं। फिलहाल, वाहन चालकों को चार्जिंग सुविधाओं की कमी का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि शहर में पर्याप्त ई-चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध नहीं हैं। इस वजह से लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने से हिचकिचाते हैं। हालांकि, आने वाले दिनों में नगर निगम इस समस्या का समाधान करने के लिए कदम उठाएगा।

इन जगहों पर चार्जिंग स्टेशन

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि सिटी जोन में रेत मंडी नंदग्राम रोड, राजनगर एक्सटेंशन मुख्य रोड, हिंडन पेट्रोल पंप, हिंडन श्मशान पार्किंग, साईं उपवन, पटेल मार्ग जीटी रोड और नया बस अड्डा शामिल होंगे। कविनगर जोन में गोविंदपुरम, मेरठ रोड दुहाई, डायमंड फ्लाईओवर और विवेकानंद रेलवे ब्रिज को शामिल किया जाएगा। मोहननगर जोन में हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, मोहननगर टी-प्वाइंट, अर्थला मेट्रो स्टेशन और राजेंद्र नगर होंगे। विजयनगर जोन में ताज हाईवे, क्रॉसिंग रिपब्लिक और अकबरपुर बहरामपुर को शामिल किया जाएगा, जबकि वसुंधरा जोन में कनावनी पुलिया और सौर ऊर्जा मार्ग को शामिल करने के लिए संबंधित कंपनी को निर्देश दिया गया है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article