वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री एयरपोर्ट पर विदेशी नागरिक के पास सैटेलाइट फोन मिलने से हड़कंप मच गया। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान यात्री के पास से सैटेलाइट फोन बरामद किया गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक इटली का रहने वाला है। फिलहाल, यात्री को हिरासत में लेकर जांच एजेंसियां पूछताछ में जुटी हैं।
वाराणसी एयरपोर्ट
फ्लाइट में चेकिंग के दौरान पकड़ा
बताया जा रहा है कि विदेशी नागरिक ट्रॉम्बेटा एलेसेंड्रो 2 दिन पहले वाराणसी घूमने आया था। लेकिन, आज वह कोच्चि जाने के प्लान पर था। इसी दौरान वह दिल्ली जाने वाली फ्लाइट में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया, जिसके पास से सैटेलाइट फोन मिला। विदेशी नागरिक के वीजा और अन्य दस्तावेज के वेरिफिकेशन के लिए इटली दूतावास से संपर्क किया गया। इटली नागरिक के पास मिले फोन के फोटो और वीडियो को भी खंगाला जा रहा है।
दरअसल, भारत में दूरसंचार विभाग की अनुमति के बिना सेटेलाइट फोन का उपयोग प्रतिबंधित है। जानकारी के मुताबिक, इसे सिर्फ आपातकाल के दौरान या सुरक्षा एजेंसियां ही इस्तेमाल कर सकती हैं।
दैनिक भास्कर की खबर के हवाले से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सेटेलाइट फोन मिलने के बाद एलेसेंड्रो को रोक लिया गया। उसकी पत्नी और बेटा बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए। सभी लोग वाराणसी से बेंगलुरु होते हुए कोच्चि जाने वाले थे।
