Kashi Vishwanath dham laddoo: अब श्रद्धालुओं को श्री काशी विश्वनाथ धाम का बाजरा और तिल के लड्डू का प्रसादम् मिलेगा। राज्य सरकार की पहल पर मंदिर में मोटे अनाज (मिलेट्स) का लड्डू प्रसादम् मिलने लगा है। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की मदद से श्री काशी विश्वनाथ धाम के लिए लड्डू बनवाए गए हैं। इस प्रसाद का नाम श्री अन्न प्रसादम् रखा गया है। इस बारे में स्वत: रोजगार उपायुक्त दिलीप सोनकर का कहना है कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जुड़ी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा पहले से ही प्रसाद बनाया जा रहा था। अब यह महिलाएं श्री अन्न प्रसादम् बना रहीं हैं। इसकी कीमत अधिक नहीं है।
काशी विश्वनाथ धाम से मिलने लगा अपना प्रसाद
पहले से बिक रहे प्रसाद के बराबर ही कीमत तय हुई है। श्री अन्न प्रसादम् की शुद्धता का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। श्री अन्न प्रसादम् बना रहीं सुनीता जायसवाल का कहना है कि बाजरा, गुड़, तिल, काजू, बादाम, शुद्ध घी, खोवा से यह प्रसाद बनाया जा रहा है। फिलहाल 100 और 200 ग्राम के लड्डू के पैकेट बाबा विश्वनाथ धाम के दरबार में प्रसाद के रूप में बेचने के लिए रखे गए हैं। बहुत जल्द पैकेट में प्रसाद का मात्रा बढ़ाया जाएगा।
