UP Nagar Nikay Chunav 2023 : उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव (UP Nikay Chunav) के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर चल रहा है। इसी क्रम आज सूबे के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य (Keshav Prasad Maurya) और ब्रजेश पाठक (Brijesh Pathak) वाराणसी में जनसभा करेंगे। प्रदेश के दोनों डिप्टी सीएम युवा, महिला सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे। ये कार्यक्रम यूपी निकाय चुनाव के लिहाज से आयोजित किए जाएंगे। बता दें कि आज के प्रचार अभियान के बाद 30 अप्रैल को सीएम योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के भी वाराणसी पहुंचने की संभावना है।
केशव प्रसाद मौर्य आज वाराणसी में होंगे। (सांकेतिक चित्र)
दिनभर चलेगा जनसभाओं का क्रम
स्थानीय भाजपा नेताओं के मुताबिक उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य दोपहर 12:50 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। वे रोहनिया के क्षेत्रीय कार्यालय में नए मतदाताओं के सम्मेलन में अपने विचार रखेंगे और फिर इसके बाद वे सुसुवाही पहुंचेंगे, जहां चाय पर चर्चा का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इन सभी आयोजनों के बाद शाम को गंगापुर बाजार और फिर मवइया में भी जनसभा होनी है। वहीं, प्रदेश के दूसरे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक शाम छह बजे मंडुवाडीह के विश्वनाथ गार्डन में महिला सम्मेलन में पहुंचेंगे और सिगरा के उद्योगपतियों की एक बैठक का भी हिस्सा बनेंगे। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक रात में पाठक कुछ डॉक्टरों से भी मुलाकात करेंगे।
30 को योगी कर सकते हैं जनसभा
बताया जा रहा है कि सीएम योगी आदित्यनाथ 30 अप्रैल को वाराणसी में जनसभा कर सकते हैं। यहां पर वे भाजपा के मेयर प्रत्याशी अशोक तिवारी के समर्थन में वोट की अपील करेंगे। काशी में मेयर पद के लिए सवर्ण प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। भाजपा ने अशोक तिवारी, सपा ने डॉक्टर ओपी सिंह और कांग्रेस ने अनिल श्रीवास्तव को अपना उम्मीदवार बनाया है। चूंकि वाराणसी में मेयर भाजपा की रहा है और पीएम मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के लिहाज से भी वाराणसी का चुनाव प्रतिष्ठा का विषय है।
कल ब्रज में गरजे थे योगी
आज काशी में डिप्टी सीएम की जनसभा से पहले कल सीएम योगी ने ब्रज क्षेत्र में रैली की थी। जिसमें उन्होंने काशी कॉरिडोर का भी जिक्र किया था। सीएम ने कहा था कि- अयोध्या और काशी का विकास हो गया है और अब ब्रज की बारी है। इस दौरान योगी ने भाजपा की कई जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जनता को बताया था। वहीं, आगरा में उन्होंने शिवाजी म्यूजियम और जी-20 बैठक और इन्वेस्टर्स समिट की बात की थी।
