PM Modi Varanasi visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार यानी आज से दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान उनके वाराणसी में चार प्रमुख जगहों पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित होने तय हैं, जिसमें सबसे पहले वह कटिंग मेमोरियल स्कूल में भारत विकास संकल्प यात्रा में शामिल होंगे, इसके बाद वह नमो घाट पर काशी तमिल संगमम द्वितीय का शुभारंभ करेंगे। रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन सुबह यानी 18 दिसंबर को पीएम उमरहां स्थित स्वर्वेद मंदिर वार्षिकोत्सव में शामिल होंगे। साथ अपने संसदीय क्षेत्र के सेवापुरी विधानसभा में बड़ी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वहीं, पीएम की आगवानी को लेकर प्रशासन ने कड़े इंतजाम किये हैं। खास तौर पर संसद भवन में हाल ही में हुई घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी के वाराणसी में होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है।
पीएम मोदी का काशी दौरा
संसद में हुई घटना के बाद पीएम की सुरक्षा बढ़ी
वहीं, बीते दिनों संसद भवन में हुई घटना के बाद प्रधानमंत्री मोदी के काशी दौरे से जुड़े सभी कार्यक्रम अतिरिक्त सुरक्षा घेरे में होंगे। प्रधानमंत्री के सेवापुरी विधानसभा स्थित जनसभा कार्यक्रम व अन्य कार्यक्रमों स्थलों की सुरक्षा और मजबूत होगी। इसको ध्यान में रखते हुए हर चेकिंग पॉइंट पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही दूसरे जिलों से भी RAF, CRPF, PSC के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस अधिकारियों की टीम बुलाई गई है जो कार्यक्रम स्थल के अलग-अलग जगह पर मौजूद रहेंगे।
इतना बड़ा रहेगा सुरक्षा घेरा
पीएम मोदी के आगमन के मद्देनजर एडीजी जोन, डीआईजी रेंज और पुलिस आयुक्त के अलावा एक डीआईजी, 22 आईपीएस सुरक्षा में लगे हैं।
इसके अलावा सुरक्षा व्यवस्था के लिए 17 एडिशनल एसपी, 58 सीओ, 60 इंस्पेक्टर, 497 सब इंस्पेक्टर, 2200 कांस्टेबल-हेड कांस्टेबल, 250 होमगार्ड और 10 कंपनी पीएसी और पांच कंपनी सीएपीएफ के जवान तैनात रहेंगे।
पीएम के स्वागत में तैयार काशी
काशी क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पीएम के स्वागत की जोरदार तैयारी की है। जिन मार्गो से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला गुजरने वाला है, वहां पर बड़े-बड़े होर्डिंग पोस्टर बैनर लगाए गए हैं, इसके अलावा झालर लाइट से भी शहर को सजाया गया है।
