Ganga Vilas Cruise Inside Images: वाराणसी के लिए 13 जनवरी का दिन बेहद खास होने वाला है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गंगा विलास क्रूज को हरी झंडी दिखाकर विश्व की सबसे लंबी नदी यात्रा पर रवाना करेंगे। साथ ही वाराणसी में गंगा नदी के तट पर एक 'टेंट सिटी' का भी उद्घाटन करेंगे। गंगा विलास क्रूज वाराणसी से अपनी यात्रा शुरू कर 51 दिनों में लगभग 3,200 किलोमीटर का सफर करते हुए बांग्लादेश के रास्ते डिब्रूगढ़ पहुंचेगी।
गंगा विलास क्रूज
इस दौरान यह देश की 27 नदियों से होकर गुजरेगा। पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर इस यात्रा के बारे में कहा है कि, यह 51 दिवसीय रिवर क्रूज देश की सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने और देश की विविधता को नजदीक से देखने का एक अनूठा अवसर है। अभी तक हमने इस यात्रा के बारे में बहुत कुछ जाना।
आइये गंगा विलास क्रूज की खूबसूरत तस्वीरों के साथ जानते हैं इसके बारे में-
इस क्रूज में तीन डेक दिए गए हैं। साथ ही इसमें सभी लक्जरी सुविधाओं से युक्त 18 सुइट हैं। इस क्रूज पर एक साथ 36 पर्यटक जा सकते हैं। गंगा विलास अपने पहले सफर पर स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटकों को ले जाएगा।
इस क्रूज में रेस्टोरेंट, जिम, स्पा सेंटर, लेक्चर हाउस और लाइब्रेरी जैसी ऐंटरटेनमेंट की सुविधाएं है। सफर के दौरान क्रूज में कुल 40 क्रू मेंबर होंगे जो यात्रियों को एक फाइव स्टार होटल में मिलने वाली सभी सुख सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
यह लंबा सफर उबाऊ न हो, इसलिए क्रूज पर गीत संगीत ,सांस्कृतिक कार्यक्रम और कई तरह के खेलों का भी आयोजन होगा। गंगा विलास क्रूज सभी तरह के आधुनिक सुविधा से युक्त पूरी तरह सुरक्षित यात्रा होगी।
यह क्रूज यात्रियों को विश्व विरासत स्थलों, राष्ट्रीय उद्यानों, नदी 'घाटों', बिहार में पटना, झारखंड में साहिबगंज, कोलकाता, ढाका और गुवाहाटी जैसे 50 प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराएगा।
यह यात्रा पर्यटकों को भारत और बांग्लादेश की कला, संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिकता में शामिल होने का अवसर देगी। दावा किया जा रहा है कि, यह गंगा विलास क्रूज भारत के पर्यटन में एक नए युग की शुरुआत करने में मदद करेगा।
