काशी विश्वनाथ धाम तक सुगम मार्ग की तैयारी, दालमंडी में शुरू हुआ ध्वस्तीकरण; पुरानी दुकानों पर चले हथौड़े और ड्रिल मशीन

वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए दालमंडी क्षेत्र में चौड़ीकरण कार्य शुरू हो गया है। संकरी गलियों में हथौड़ों और ड्रिल मशीनों की मदद से पुराने निर्माणों को हटाया जा रहा है। करीब 215 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत 650 मीटर लंबी सड़क और टूरिस्ट कॉरिडोर विकसित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं व पर्यटकों दोनों को बेहतर सुविधा मिलेगी।

Dalmandi Road Widening: श्री काशी विश्वनाथ धाम तक सुगम मार्ग बनाने के लिए वाराणसी के दालमंडी क्षेत्र में बुधवार से ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बाजार की शुरुआती पुरानी दुकानों को हथौड़ों की मदद से गिराया जा रहा है। चूंकि यह गली काफी संकरी है, इसलिए यहां जेसीबी या बड़े उपकरणों का उपयोग संभव नहीं है। कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस कार्य को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए थे।

Demolition for Dalmandi Road Widening Started (Photo: ANI)

डालमंडी सड़क चौड़ीकरण के लिए ध्वस्तीकरण शुरू (फोटो: ANI)

इसके बाद वाराणसी प्रशासन ने क्षेत्र का सर्वे कराया और भवनों की निशानदेही पूरी की। दालमंडी में अब 650 मीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। एडीएम सिटी आलोक वर्मा ने बताया कि केवल उन्हीं भवनों को तोड़ा जा रहा है, जिनके मालिकों को मुआवजा दिया जा चुका है और बैनामा की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अब तक तीन से चार संपत्ति मालिक मुआवजा प्राप्त कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि मुआवजा केवल भवन मालिकों को ही दिया जा रहा है। वहीं, जिन किरायेदारों ने रजिस्ट्रेशन के बाद प्लॉट लेकर खुद निर्माण कराया है, उन्हें उनके निर्माण कार्य के अनुसार मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।

End of Feed