Gorakhpur Accident: बड़हलगंज के इलाके में गोरखपुर-वाराणसी नेशनल हाइवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। यहां सिधुआपार गांव के पास एक कार की बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि चारों मृतक एक ही बाइक पर सवार थे।
हादसे में गाड़ियों के उड़े परखच्चे
गोरखपुर वाराणसी हाईवे पर बड़हलगंज में शनिवार सुबह दर्दनाक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। यह सभी युवक एक ही गांव के रहने वाले थे और अपाचे बाइक से अपने घर सिधुआपार के गरथौली टोले की ओर लौट रहे थे। तभी शहर की तरफ से आ रही तेज रफ्तार एक एसयूवी कार ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की पहचान राहुल, सुनील, प्रद्युम्न और अरविंद के रूप हुई है।
शनिवार की सुबह गरथौली टोला, सिधुआपार गांव के सुनील कुमार पुत्र राधे, प्रद्युम्न कुमार, अरविंद कुमार पुत्र हरिश्चंद्र और राहुल कुमार पुत्र करन एक ही बाइक से फोरलेन के रास्ते घर लौट रहे थे। जैसे ही वे हाईवे क्रॉस कर सिधुआपार जाने के लिए मुड़ी, उसी समय गोरखपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
दुर्घटना स्थल पर ही बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुनील, प्रद्युम्न और अरविंद को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल राहुल कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही राहुल की भी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। बड़हलगंज पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और बाइक को कब्जे में ले लिया है।
दुर्घटना की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। सुनील की पत्नी खुशबू का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी दो बेटियां हैं। वहीं घायल राहुल की 1 जून को सगाई तय थी, जिससे परिवार के सपने चकनाचूर हो गए। अरविंद कुछ ही दिन पहले बैंकॉक से घर लौटा था।
