Varanasi Cylinder Blast: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जहां एक घर में एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। यह धमाका इतना जोरदार था कि पूरा मकान ही ढह गया। इस घटना में एक ही परिवार के चार लोग मलबे में दब गए। जिनमें से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में गैस लीक के कारण सिलेंडर फटने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना का लाइव वीडियो भी सामने आया है।
गैस लीकेज से सिलेंडर फटा
यह हादसा मंडुवाडीह थाना क्षेत्र के लहरतारा गांव में हुआ। नकारी के अनुसार, गिरिजा देवी नाम की एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ एक पुराने एक मंजिला घर में रह रही थीं। आज सुबह करीब 8 बजे वह रोज की तरह किचन में खाना बनाने के लिए गईं। गैस जलाने के लिए जैसे ही उन्होंने लाइटर जलाया, तभी गैस लीक होने के कारण अचानक आग लग गई और तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया।
मलबे में दबे चार लोग
धमाका के कारण पूरा मकान ढह गया और अंदर मौजूद सभी लोग मलबे के नीचे दब गए। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बचाव कार्य शुरू किया और दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान गिरिजा देवी के 28 वर्षीय बेटे ओमप्रकाश और 24 वर्षीय बेटी प्रीति की मौत हो गई। वहीं गिरिजा देवी की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि एक अन्य सदस्य का ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला को संभवत: गैस लीकेज के बारे में पता नहीं चल पाया होगा, जिस कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल मामले की जांच जारी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
