लोकआस्था के महापर्व छठ की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो रही है। लेकिन उसके पहले ही वाराणसी के वरुणा तट पर एक दिलचस्प और हैरान करने वाली तस्वीर नजर आ रही है। जहां एक तरफ व्रती महिलाएं पूरी श्रद्धा के साथ छठी मैया की पूजा की तैयारी में जुटी हैं, वहीं दूसरी तरफ घाटों पर बेदी बनाने और जगह रिजर्व करने के लिए लोग अपने पद और रसूख का इस्तेमाल कर रहे हैं।
छठ पूजा पर वाराणसी में पुलिसकर्मी अपने रसूख का इस्तेमाल कर जगह कर रहे रिजर्व
घाटों पर कहीं इनकम टैक्स इंस्पेक्टर का परिवार धौंस जमा रहा है, तो कहीं पुलिस वाले अपने पावर का इस्तेमाल कर जगह छेक रहे हैं।
शास्त्री घाट पर दिखा पावर का खेल
मामला वरुणा तट के शास्त्री घाट का है। छठ में व्रती महिलाएं बेदी के नीचे पूजा करती हैं। ऐसे में घाटों पर पहले से ही बेदी के लिए जगह छेकने की प्रथा है। हर कोई चाहता है कि उसे घाट पर अच्छी जगह मिल जाए। लेकिन इस प्रथा की आड़ में जिस तरह पद और पावर का दुरुपयोग किया जा रहा है, उससे आम श्रद्धालु हैरान हैं।
TIMES NOW Navbharat भी पढ़ें: छठ पूजा का नहाय खाय कब है, नोट करें छठ महापर्व कब से शुरू, छठ डे 1 नहाय खाय डेट
पुलिसकर्मी अपने रसूख का इस्तेमाल कर जगह कर रहे रिजर्व
बताया जा रहा है कि घाट पर एक तरफ इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के परिवार ने अपनी बेदी के लिए बड़ी जगह घेर रखी है। वहीं दूसरी तरफ कुछ पुलिसकर्मी भी अपने रसूख का इस्तेमाल कर अपने परिवार के लिए जगह रिजर्व कर रहे हैं। आम लोगों को कहा जा रहा है कि यहां जगह पहले से बुक है।
छठ में भी नहीं थमा VIP कल्चर
छठ को लोकआस्था का महापर्व कहा जाता है, क्योंकि इसमें न कोई पंडित चाहिए, न कोई बड़ा मंदिर, न ही कोई VIP व्यवस्था। व्रती खुद ही घाट पर बेदी बनाकर सूर्य को अर्घ्य देती हैं। लेकिन वाराणसी के घाटों पर जो तस्वीर सामने आई है, उसने इस परंपरा पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। सवाल ये है कि जब भगवान के दरबार में भी VIP कल्चर घुस जाएगा, तो आम श्रद्धालु कहां जाएगा? फिलहाल, घाटों पर बेदी बनाने का काम तेजी से चल रहा है। नहाय-खाय के साथ ही छठ की शुरुआत हो जाएगी और घाटों पर व्रतियों की भीड़ उमड़ पड़ेगी।
