Bangalore Mumbai Route Vande Bharat Sleeper: देश में रेल यात्रा को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक और बड़ा कदम उठाया है। हावड़ा और कामाख्या के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शानदार सफलता के बाद, अब रेल मंत्रालय ने बेंगलुरु और मुंबई के बीच इस अत्याधुनिक ट्रेन सेवा को हरी झंडी दे दी है।
अश्विनी वैष्णव ने नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को दी हरी झंडी
बेंगलुरु-मुंबई रूट को मिली मंजूरी
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बेंगलुरु सेंट्रल के सांसद पी.सी. मोहन को भेजे एक पत्र में पुष्टि की है कि बेंगलुरु (KSR स्टेशन) से मुंबई (CSMT) के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू की जाएगी। यह फैसला दोनों महानगरों के बीच यात्रा करने वाले आईटी प्रोफेशनल्स, व्यापारियों और पर्यटकों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।
पी.सी. मोहन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर इस जानकारी को साझा करते हुए बताया कि इस ट्रेन के शुरू होने से दक्षिण और पश्चिम भारत के दो सबसे व्यस्त शहरों के बीच कनेक्टिविटी और अधिक मजबूत होगी।
12 घंटे में मुंबई से बेंगलुरु
वर्तमान में बेंगलुरु और मुंबई के बीच की लगभग 1,000 किलोमीटर की दूरी तय करने में सामान्य सुपरफास्ट ट्रेनों को 18 से 22 घंटे का समय लगता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 160 किमी/घंटा की अपनी अधिकतम रफ्तार के कारण इस सफर को महज 10 से 12 घंटे में पूरा कर सकती है। इसका सीधा मतलब है कि यात्रियों के समय में 6 से 8 घंटे की भारी बचत होगी और रातभर की यात्रा कहीं अधिक आरामदायक बन जाएगी।
हावड़ा-कामाख्या की तर्ज पर प्रीमियम सुविधाएं
देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 17 जनवरी 2026 से हावड़ा और कामाख्या (असम) के बीच सफलतापूर्वक चल रही है। बेंगलुरु-मुंबई रूट पर भी वही प्रीमियम अनुभव मिलेगा। इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट वाले यात्रियों को अनुमति होगी, आरएसी (RAC) की व्यवस्था नहीं रखी गई है। इंटीरियर की बात करें तो इस ट्रेन में एर्गोनोमिक डिजाइन, बेहतर कुशनिंग, सेंसर-आधारित लाइटिंग और हाई-टेक टॉयलेट्स। रेलवे का लक्ष्य आने वाले समय में दिल्ली-मुंबई और दिल्ली-हावड़ा जैसे अन्य व्यस्त कॉरिडोर पर भी इन स्लीपर ट्रेनों को उतारना है।
