Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर में गंगा नदी में नाव पलटने से हुए दर्दनाक हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। हादसा रामपुर श्यामचंद गांव के पास मंगलवार देर शाम को हुआ, जहां नाव पर सवार लोग भोज में शामिल होने के लिए पड़ोसी गांव जा रहे थे। हादसे में पहले 11 लोगों की मौत की खबर सामने आई थी। बचाव कार्य के दौरान दो और लोगों के शव बरामद होने के बाद मृतकों की संख्या बढ़ गई है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। बिहार सरकार ने भी मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है।
वैशाली के राघोपुर में बड़ा नाव हादसा, अब तक 13 लोगों की मौत
नाव पर सवार थे कई लोग, सात लोगों को बचाया गया
वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि एक निजी नाव पर 15 से 20 बच्चे सवार थे और उन्हें पास के गांव ले जाया जा रहा था। इसी दौरान नदी में नाव नदी में पलट गई। उन्होंने बताया कि अब तक सात लोगों को बचाकर एनएमसीएच भेजा गया है। उनकी हालत स्थिर है। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में 13 शव निकाले गए हैं और उनमें ज्यादातर बच्चे हैं। नाव पर कुल कितने लोग सवार थे, इसकी शुरुआत में पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी थी। एनडीआरएफ की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। वहीं स्थानीय नाविकों की मदद से भी बचाव अभियान चलाया जा रहा है।
जर्जर नाव को लेकर प्रशासन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में जिला प्रशासन के खिलाफ आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों ने डीएम वर्षा सिंह के खिलाफ नारेबाजी की और प्रशासन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाव की खराब हालत को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन उसे बदला नहीं गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। आरोप है कि लोगों के बैठने के बाद नाव दो हिस्सों में टूट गई और गंगा में पलट गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने समय पर बचाव दल नहीं पहुंचने को लेकर भी नाराजगी जताई। कुछ परिजनों ने स्थानीय अंचल अधिकारी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज करने की मांग की है। हालांकि, नाव की स्थिति, पहले की गई शिकायतों और हादसे के कारणों को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत जांच रिपोर्ट सामने आने की जानकारी उपलब्ध नहीं है।
पीएम मोदी ने की 2 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के वैशाली में नाव पलटने की घटना पर दुख व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स पोस्ट के मुताबिक, पीएम मोदी ने कहा कि हादसे में लोगों की जान जाना बेहद दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। वहीं, हादसे में घायल लोगों को 50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की मदद कर रहा है।बचाव अभियान जारीजिलाधिकारी वर्षा सिंह ने बताया कि एनडीआरएफ और स्थानीय नाविकों की मदद से बचाव अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाना प्राथमिकता है। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
