बिहार (Bihar) के वैशाली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। वह रोज की तरह अपने स्कूल में ड्यूटी करने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि शिक्षक सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पूरी घटना का वीडियो (Video) भी सामने आया है। यह हादसा वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में पोझिया हाट के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, मृतक वैशाली स्थित प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वह मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले थे और हाजीपुर में किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे।
स्कॉर्पियो और बाइक के बीच हुई टक्कर के बाद हादसे में शिक्षक की जान चली गई (Times Now Navbharat)
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
स्कूल जाने के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि शिक्षक सुबह हाजीपुर से अपनी बाइक पर सवार होकर स्कूल में ड्यूटी करने के लिए निकले थे। इसी दौरान जब वह पोझिया हाट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल शिक्षक को लालगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
शिक्षक को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही स्कूल के कई शिक्षक अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के परिवार वालों को भी घटना की जानकारी दे दी है।
दो महीने पहले हुआ था छोटे बेटे का जन्म
इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे दुख में डाल दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक शिक्षक के दो छोटे बच्चे हैं। उनके छोटे बेटे का जन्म महज दो महीने पहले ही हुआ था। परिवार के लिए यह किसी बड़े सदमे से कम नहीं है। जिस घर में कुछ समय पहले बच्चे के जन्म की खुशियां थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। वहीं, हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्कॉर्पियो और बाइक की टक्कर का पूरा मंजर कैद हुआ है। फिलहाल लालगंज पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर भेजने की प्रक्रिया में जुटी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
