Uttarkashi Rescue Operation: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में केदारताल ट्रैक पर लापता ट्रेकर्स और स्थानीय गाइड की तलाश में चल रहे सर्च एवं रेस्क्यू अभियान के तहत बुधवार को एक बड़ी खबर सामने आई है। रेस्क्यू टीमों ने अभियान के दौरान दो और शव बरामद कर लिए हैं। इसके साथ ही इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। लापता आठ लोगों में से अब तक चार लोगों के शव बरामद किए चुके हैं, जबकि बाकी चार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से जारी है।
उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर सर्च ऑपरेशन जारी
हेलीकॉप्टर से मातली हेलीपैड लाए गए शव
बुधवार सुबह सर्च अभियान के दौरान रेस्क्यू टीम को दो और शव मिले। इससे पहले भी दो शव बरामद किए जा चुके थे। इस तरह अब तक कुल चार शव मिल चुके हैं। बरामद सभी चार शवों को हेलीकॉप्टर के जरिए मातली हेलीपैड पहुंचाया गया है। जहां से उन्हें पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल उत्तरकाशी लाया जा रहा है।
दुर्गम क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी
केदारताल का इलाका बेहद दुर्गम और कठिन परिस्थितियों वाला है, इसके बावजूद बचाव दल लगातार अभियान में जुटा हुआ है। सर्चिंग टीमों तक जरूरी रसद और अन्य सामग्री पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर की मदद ली जा रही है। ये सामग्री मातली हेलीपैड से लगातार केदारताल क्षेत्र भेजी जा रही है।
कई विभागों की टीमें अभियान में जुटीं
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ, पूर्ति विभाग और आईटीबीपी की टीमें समन्वय के साथ अभियान चला रही हैं। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा, जरूरी संसाधनों और रसद व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि शेष चार लापता लोगों को भी जल्द से जल्द ढूंढा जा सके।
