Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में मॉनसून की जमकर बारिश हो रही है। उत्तराखंड मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं कल 21 जुलाई को कुमाऊं क्षेत्र में ऑरेंज अलर्ट और गढ़वाल में यलो अलर्ट जारी किया गया था। नैनीताल बागेश्वर, पौड़ी, पिथौरागढ़ और देहरादून में भी भारी बारिश हुई। कल यहां सबसे अधिक बारिश शामा में हुई है। यहां 131mm बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक आज 22 जुलाई सोमवार को ज्यादातर हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। खासकर कुमाऊं मंडल में बहुत भारी बारिश की आशंका है।
उत्तराखंड का मौसम
कैसा रहेगा आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज 22 जुलाई को कुमाऊं के चंपावत, नौनीताल, बागेश्वर और उधमसिंह नगर में कहीं कहीं बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। जिसे देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही पौड़ी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी रुद्रप्रयाग हरिद्वार, चमोली और टिहरी जिले में तेज बारिश होने की आशंका जताई गई है, जिसे लेकर यलो अलर्ट लगाया गया है।
24 घंटे में भारी बारिश के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तराखंड राज्य के ज्यादातर हिस्सों में 24 घंटे में भारी बारिश की आशंका है। कुमाऊं मंडल के जनपदों में कहीं कहीं बहुत भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ड जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही इन जगहों पर जलभराव, भूस्खलन और बिजली गिरने की आशंका भी है, जिसे लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
इस कारण होगी भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम विक्षोम अपनी धुरी के साथ समुद्र तल से 5.8km ऊपर की चल रहा है। इसके साथ ही राजस्थान पर साक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है,जो समुद्र तल से 1.5km ऊपर तक फैला हुआ है। इसके हिमालयी एरिया की तरह जाने की आशंका है। इस कारण उत्तराखंड में कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर बना रह सकता है।
स्कूलों की एक दिन की छुट्टी
उत्तराखंड़ में मौसम के कहर के कारण सुरक्षा को देखते हुए 22 जुलाई सोमवार को नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर जिले में पहली कक्षा से 12 तक के बच्चों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों की भी छुट्टी की घोषणा की गई है।
सड़क और हाईवे दोनों बंद
23 से 24 जुलाई को भी ऐसी स्थिति बनी रहने की संभावना है। इसके साथ ही विभाग ने 23 जुलाई की सुबह काफी सतर्कता बरतने की अपील की है। अल्मोड़ा की 4 ग्रामीण सड़कें बंद हैं। आपको बता दें कि राज्य के कई हिस्सों में पहले से ही बारिश की वजह से भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने से सड़क और हाईवे दोनों बंद हैं।
कैसा रहा 21 जुलाई का मौसम
रविवार 21 जुलाई की रात से बागेश्वर में भूसलाधार बारिश जारी है। जिससे सरयू नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं टिहरी में देर रात से हल्की-हल्की बारिश हो रही है। चमौली में लगातार बारिश हो रही है।
कांवड़ यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
सोमवार को पहले सावन को उत्तराखंड के कई प्रमुख मंदिरों में कांवड़ लेकर लोग पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग के रेड अलर्ट लगाने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। हरिद्वार, ऋषिकेश सहित कई जगहों पर भोलेनाथ के मंदिर हैं, जहां हजारों की संख्या में भक्त जल चढ़ाने पहुंच रहे हैं। लेकिन विभाग की तरफ से जारी चेतावनी से कांवड़ पर खतरा मंडराने लगा है। गंगोत्री राजमार्ग पर पत्थर आने से तीन रास्ते बंद हो गए हैं। इसके साथ ही मनेरी, नेताला, बिशनपुर के रास्ते में बंद कर दिए गए हैं। जिस कारण बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री फंसे हुए हैं।
