Yogi Adityanath Gonda Tablet: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोंडा से युवाओं को बड़ी सौगात दी। उन्होंने देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित किए। कार्यक्रम गोंडा के शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) माध्यमिक विद्यालय में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित हुआ। मुख्यमंत्री ने मंच से 20 विद्यार्थियों को अपने हाथों से डिवाइस सौंपे। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर टैबलेट को युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय बताया। उन्होंने कहा कि ये टैबलेट केवल हाथ की शोभा बढ़ाने के लिए नहीं हैं, बल्कि युवाओं को डिजिटल उद्यमी के रूप में स्थापित करेंगे। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे इस टैबलेट पर अपना फ्यूचर स्क्रॉल करें।
सीएम योगी ने युवाओं को बांटे टेबलेट (फोटो साभार- ANI)
CM योगी ने टेबलेट को बताया चलता-फिरता विश्वविद्यालय
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवा उत्तर प्रदेश का पावर हाउस है। इसी की ताकत से प्रदेश बीमारू राज्य की सूची से निकलकर देश की अर्थव्यवस्था के विकास का इंजन बना है। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को सिर्फ डिग्री नहीं, बल्कि डिजिटल ताकत दे रही है, ताकि वे नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बन सकें। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के पहले चरण में प्रदेश के 60 लाख से अधिक युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन दिए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि आईआईएम लखनऊ के अध्ययन में सामने आया है कि इससे तीन करोड़ लोगों को लाभ मिला और वे डिजिटल रूप से सक्षम बने।
अब तक बांटे गए डेढ़ लाख टेबलेट
दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट वितरण के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक कुल 1.49 लाख टैबलेट बांटे जा चुके हैं। 15 नवंबर को लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल में 53 हजार, 20 नवंबर को गोरखपुर मंडल में 50 हजार से अधिक और 27 नवंबर को देवीपाटन मंडल में 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। मुख्यमंत्री ने युवाओं को सोशल मीडिया को लेकर भी खास सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर वायरल सामग्री सही नहीं होती, इसलिए उसे साझा करने से पहले तथ्य की जांच जरूर करें। कृत्रिम मेधा (एआई) को सशक्तीकरण का औजार बनाएं, दिमाग पर हावी न होने दें। उन्होंने कहा, रील में 30 सेकंड दें, लेकिन रोज 30 मिनट कौशल विकास को दें, क्योंकि कौशल ही वास्तविक जीवन को आकार देगा।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष के होने वाले सभी युवा युवा साथी ऐप से ऑनलाइन मतदाता अवश्य बनें। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पिछली सपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों की बुद्धि कट्टा और बम से आगे नहीं बढ़ पाई। हमने कट्टा-बम के अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर उप्र में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ कलाश्निकोव एके-203 राइफल व ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण सुनिश्चित किया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में एक ब्रह्मोस दागते ही पाकिस्तान बाप-बाप चिल्लाता दिखा।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- अखिलेश ने बताया सपा के चुनावी वादों के बजट का रोडमैप
'नोएडा नहीं जाते थे पहले के CM'
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंधविश्वास के कारण पूर्व मुख्यमंत्री नोएडा नहीं जाते थे, जबकि आज नोएडा-यीडा शीर्ष निवेश गंतव्य हैं और देश के 55 प्रतिशत मोबाइल व 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उप्र में बन रहे हैं। विपक्ष पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घोषणापत्र के नाम पर मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता, इसके लिए समय, समर्पण और दृष्टिकोण चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले नकल, भू, खनन, शराब व वन माफिया हावी थे और पिछली सरकारों की एक ही उपलब्धि थी वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया। उन्होंने कहा कि आज नो कर्फ्यू, नो दंगा, उप्र में है सब चंगा की स्थिति है।
योगी सरकार में दी गईं साढ़े नौ लाख नौकरियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि साढ़े नौ वर्षों में साढ़े नौ लाख से अधिक पारदर्शी नौकरियां दी गईं, जो सपा के चार व बसपा के तीन कार्यकालों में हुई भर्तियों के दोगुने से अधिक हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ के एचसीएल परिसर में 2017 में मात्र 100 कर्मी थे, आज 18 हजार युवा कार्यरत हैं। इनमें 60 प्रतिशत बेटियां हैं जो रात दो बजे भी निडर होकर घर लौटती हैं, क्योंकि अपराधियों को जेल, जहन्नुम या ऑपरेशन लंगड़ा का भय है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016 में गोंडा सबसे गंदा शहर था और बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच आकांक्षी जिलों में पिछड़े थे, लेकिन डबल इंजन सरकार ने मंडल के विकास के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए। उन्होंने कहा कि गोंडा व बहराइच में मेडिकल कॉलेज बन चुके हैं और बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हो चुका है तथा पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण युद्ध स्तर पर जारी है।
