Azamgarh Man Bahrain Airport: विदेश यात्रा के दौरान खाने-पीने या तंबाकू से जुड़ी छोटी सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है, इसका एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खबर के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के रहने वाले 35 वर्षीय युवक को महज 5 रुपये की खैनी और चूना साथ ले जाने की कीमत बहरीन में 18 दिन की हिरासत और करीब 18 लाख रुपये के जुर्माने के रूप में चुकानी पड़ी।
5 रुपये की खैनी और चूना पड़ा भारी: बहरीन में गिरफ्तार हुआ UP का युवक, 18 दिन हिरासत में रहने के बाद 18 लाख रुपये देकर हुई रिहाई
क्या है पूरा मामला?
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, आजमगढ़ जिले के भवरूपुर गांव निवासी सौरभ राय, जो सऊदी अरब के दम्माम स्थित अल-कातिफ में ड्राइवर के रूप में काम करते हैं, शनिवार को सुरक्षित अपने घर लौट आए हैं। खबर के अनुसार सौरभ 29 अक्टूबर को मुंबई से टूरिस्ट वीजा पर बहरीन पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान कस्टम अधिकारियों को उनके सामान में एक छोटी डिब्बी मिली, जिसमें खैनी और चूना रखा था।
पुलिस और CID को सौंपा गया: प्रतिबंधित सामग्री मिलने पर कस्टम अधिकारियों ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया और बहरीन पुलिस तथा आपराधिक जांच निदेशालय (CID) के हवाले कर दिया। इस दौरान उनका बैग और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
'बिना कंबल के एसी सेल में रखा, तबीयत बिगड़ी'
सौरभ ने बताया कि जांच अधिकारियों ने उनसे बार-बार पूछताछ की कि वे तंबाकू और चूना क्यों ले जा रहे थे और क्या उनका इरादा इसकी तस्करी करने का था। सौरभ का दावा है कि उन्हें करीब तीन सप्ताह तक बिना कंबल या गर्म कपड़ों के एक एयर-कंडीशंड (AC) सेल में रखा गया, जिससे हिरासत के दौरान उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई। अधिकारियों ने उनके सामने जुर्माना भरने या जेल की सजा काटने का विकल्प रखा था।
7,200 बहरीनी दिनार (करीब 17.8 लाख रुपये) चुकाकर मिली रिहाई
बहरीन में संपर्क टूटने के बाद परिवार बेहद परेशान हो गया। सौरभ के बड़े भाई ऋषभ ने बताया कि बहरीन पहुंचने के बाद से सौरभ से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा था, जिसके बाद परिजनों ने 12 नवंबर को आजमगढ़ के मंडलायुक्त (Divisional Commissioner), डीएम और एसपी से गुहार लगाई और विदेश मंत्रालय (MEA) के माध्यम से मदद मांगी। आजमगढ़ के एसएसपी अनिल कुमार ने भी सौरभ का पता लगाने के लिए विदेश मंत्रालय को पत्र लिखा था।
आखिरकार परिजनों ने बहरीन में अपने संपर्कों के जरिए एक वकील की व्यवस्था की। 18 नवंबर को अदालत ने जुर्माने और कानूनी फीस के रूप में कुल 7,200 बहरीनी दिनार (लगभग 17.8 लाख रुपये) जमा कराने के बाद उन्हें रिहा करने का आदेश दिया। रिहाई के बाद सौरभ पहले सऊदी अरब गए और फिर चेन्नई होते हुए दिल्ली पहुंचे, जहां से वे सड़क मार्ग से अपने घर लौटे। फिलहाल घर पर उनका टाइफाइड और मलेरिया का इलाज चल रहा है।
