Up Weather Today: उत्तर प्रदेश में फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस परेशान कर रही है। इस दौरान कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश भी देखने को मिल रही है। लेकिन कहीं भी भारी बारिश दर्ज नहीं की जा रही है। हालांकि प्रदेश में मौसम का रुख एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार से अगले दो से तीन दिनों तक तराई, मध्यांचल और पूर्वांचल के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। हालांकि. अगले एक सप्ताह के दौरान प्रदेश में कहीं भी भारी बारिश का अलर्ट नहीं है।
यूपी में बारिश के आसार (सांकेतिक फोटो)
उत्तर की ओर खिसकेगा मानसूनी ट्रफ
मौसम विभाग के अनुसार, मानसूनी ट्रफ के एक बार फिर उत्तर की ओर खिसकने के संकेत मिल रहे हैं। इसके प्रभाव से सोमवार से यूपी के कई जिलों में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन सकती हैं। खासतौर पर तराई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। रविवार को भी सोनभद्र, वाराणसी, नजीबाबाद और झांसी समेत कुछ जिलों में छिटपुट बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश का यह दौर बहुत तेज नहीं होगा।
लखनऊ में कैसा रहेगा मौसम
यूपी की राजधानी लखनऊ में भी सोमवार से मौसम में हल्के बदलाव की संभावना है। सोमवार देर शाम आसमान में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है। इसके बाद मंगलवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। रविवार को लखनऊ में दिन की शुरुआत धूप के साथ हुई और ज्यादातर समय मौसम शुष्क ही बना रहा। दोपहर के बाद आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ी, लेकिन इससे तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया, बल्कि दिनभर उमस का एहसास होता रहा। रविवार को लखनऊ में अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री की मामूली बढ़त के साथ 34 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 0.2 डिग्री बढ़कर 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
