Chandauli News: उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र के मुख्य नगर में शनिवार की देर रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। जीटी रोड पर चल रहे सड़क निर्माण के तहत तोड़े जा रहे एक मकान का मलबा हटाने के दौरान अचानक 15 इंच की भारी-भरकम पुरानी दीवार भरभरा कर गिर गई। इस हादसे की चपेट में आने से तीन मजदूर मलबे के नीचे पूरी तरह दफन हो गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई है, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
आधी रात गिरी दीवार
ढही दीवार, एक की मौत
यह दर्दनाक हादसा शनिवार की रात करीब 12:20 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, जीटी रोड पर सड़क चौड़ीकरण और निर्माण कार्य की जद में आए मकानों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में कई भवन स्वामी खुद से अपने मकानों के अवैध या बाधित हिस्से को हटवा रहे हैं। इसके तहत एक मकान को ध्वस्त करने का काम ठेके पर वाराणसी के बजरडीहा निवासी कुछ मजदूरों को दिया गया था, जो रात के समय भी काम में जुटे हुए थे। मलबा हटाने के दौरान अचानक जर्जर दीवार तीनों मजदूरों के ऊपर पलट गई। इस हादसे में मुहम्मद अली (उम्र 24 वर्ष), निवासी बजरडीहा (वाराणसी) की मलबे में दबने से दर्दनाक मौत हो गई। सद्दाम हुसैन (उम्र 18 वर्ष), गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। तीसरा मजदूर इस हादसे में बाल-बाल बच गया, जिसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दक्षिण में मानसून की मूसलाधार आफत, उत्तर भारत में 24 घंटे का 'हीट ट्रैप'; जानें क्या है यह नया वेदर पैटर्न
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
इतने बड़े हादसे की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई। घटना के तुरंत बाद उपजिलाधिकारी (SDM) राजीव सक्सेना, सीओ अरुण सिंह और मुगलसराय थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) विजय प्रताप सिंह भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
एसडीएम राजीव सक्सेना ने बताया कि मकान मालिक खुद अपनी संरचना को ढहाने का काम करा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घायल मजदूर की हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अधिकारियों ने खुद मौके पर खड़े होकर मलबे को हटवाने और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। सीओ अरुण सिंह के मुताबिक, राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
