शहर

वायनाड के स्कूल में फूड पॉइजनिंग से 121 छात्र बीमार, अस्पतालों में इलाज जारी; अलर्ट मोड पर प्रशासन

वायनाड के एक सहायता प्राप्त स्कूल में फूड पॉइजनिंग के कारण 121 छात्र बीमार पड़ गए, जिनमें से 78 बच्चों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों की हालत स्थिर बताते हुए आवश्यक चिकित्सकीय व्यवस्था की है और घबराने की कोई जरूरत नहीं बताई है।

Image

केरल के वायनाड में 121 छात्रों के बीमार पड़ने से मचा हड़कंप (प्रतीकात्मक फोटो)

Kerala Students Food Poisoning: केरल के कृषि मंत्री टी. सिद्दीकी ने शनिवार को कहा कि वायनाड में एक सहायता प्राप्त स्कूल के 121 छात्र खाद्य विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग से पीड़ित पाए गए, जिनमें से 78 का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है, लेकिन चिंता की कोई बात नहीं है। मंत्री टी. सिद्दीकी ने कोझिकोड में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि वायनाड जिले के कोइलाडी स्थित मार बेसिलियोस सहायतित उच्च प्राथमिक स्कूल के छात्र दूषित भोजन खाने से खाद्य विषाक्तता के कारण बुखार, ठंड लगना और दस्त की चपेट में आ गए।

बाल रोग विशेषज्ञों को तैनात किया गया

वायनाड के रहने वाले सिद्दीकी ने कहा कि स्कूल में परोसे जाने वाले भोजन और उसके कुओं के पानी के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और परिणाम आने के बाद फूड पॉइजनिंग के स्रोत का पता लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि परिणाम दो दिन में आ जाएंगे। मंत्री ने कहा कि आवश्यक संख्या में बाल रोग विशेषज्ञों को तैनात किया गया है और बच्चों को सर्वोत्तम उपचार प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रियों के साथ चर्चा की गई है।

स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित

इससे पहले दिन में जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) ने यह भी कहा कि फिलहाल चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है और एहतियात के तौर पर स्कूल में एक सप्ताह की छुट्टी घोषित कर दी गई है। अधिकारी ने यह भी बताया कि बच्चों के इलाज के लिए बाथेरी तालुक अस्पताल में एक विशेष वार्ड बनाया गया है। जिला चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि छात्रों के अलावा स्कूल के एक शिक्षक ने भी असहज महसूस होने की शिकायत की है। अस्पताल का दौरा करने वाले पंचायत अधिकारियों ने बताया कि बच्चों की वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति संतोषजनक है। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चों में एक जून से ही लक्षण दिखने शुरू हो गए थे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article