शहर

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा में पुलिस और स्नैचरों के बीच सनसनीखेज मुठभेड़; 28 मुकदमों में आरोपी बदमाश गिरफ्तार

Greater Noida Encounter: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में 28 मुकदमों का शातिर चेन स्नैचर राजेंद्र उर्फ लल्लू घायल हो गया। मौके से चोरी की अपाचे, लूटी गई सोने की चेन और 3 मोबाइल बरामद किए गए हैं।

Image

मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को ले जा रही पुलिस

Photo : Times Now Digital

Greater Noida Encounter News: ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात पुलिस और शातिर चेन स्नैचरों के बीच एक भीषण मुठभेड़ हो गई। ढकिया बाबा गोल चक्कर के पास चेकिंग के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक शातिर बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर पड़ा। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

28 मुकदमों में लल्लू का नाम

मुठभेड़ में घायल हुए बदमाश की पहचान राजेन्द्र उर्फ लल्लू उर्फ लीलू के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, राजेंद्र एक आदतन और बेहद शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ बीटा-2, सूरजपुर, कासना सहित दिल्ली-NCR के कई थानों में लूट और स्नैचिंग के 28 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। यह गैंग राह चलते मासूम लोगों को निशाना बनाता था और पलक झपकते ही उनसे सोने की चेन और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो जाता था। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है।

नवादा गांव चेन स्नैचिंग कांड का हुआ पर्दाफाश

ग्रेटर नोएडा के एडिशनल डीसीपी (ADCP) संतोष कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि इस मुठभेड़ के बाद पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। करीब 5 दिन पहले नवादा गांव में हुई सनसनीखेज चेन स्नैचिंग की वारदात का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार और लूटा गया सामान बरामद किया है। मौके से एक अवैध तमंचा और कई जिंदा व खोखा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की एक अपाचे मोटरसाइकिल, नवादा गांव से लूटी गई सोने की चेन और राहगीरों से लूटे गए 3 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।

फरार बदमाश की तलाश में पुलिस की कॉम्बिंग जारी

ADCP संतोष कुमार के अनुसार, राजेंद्र का दूसरा साथी जो मौके से भागने में सफल रहा, उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस की कई टीमें इलाके में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि उसे भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। पुलिस अब इस गैंग के अन्य नेटवर्क और लूटे गए सामान को खरीदने वाले सुनारों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article