UP MLC Election 2026 : उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को वोट डाले गए। इस दौरान कई बूथों पर हेराफेरी और बूथ कैप्चरिंग के आरोप लगे। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी ने भाजपा पर गड़बड़ी करने के आरोप लगाए। लिहाजा, तीन बूथों पर 26 अक्टूबर को दोबारा मतदान कराया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग ने 23 अक्टूबर को इन बूथों पर हुए मतदान को शून्य घोषित कर दिया है। अब इन केंद्रों पर सोमवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा के मुताबिक, पुनर्मतदान खेरागढ़, सैंया और फतेहाबाद के तीन मतदेय स्थलों पर होगा। इनमें तहसील परिसर, खेरागढ़ का कक्ष संख्या-1 (मतदेय स्थल संख्या-20), क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैंया का कक्ष संख्या-1 (मतदेय स्थल संख्या-21) और क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद का कक्ष संख्या-1 (मतदेय स्थल संख्या-26) शामिल हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें - फूट-फूटकर रोये सपा शिक्षक MLC प्रत्याशी...BJP पर लगाए बूथ कैप्चरिंग के आरोप; बोले-अपना लूंगा इस्लाम धर्म
- मतदेय स्थल संख्या-20: तहसील कैम्पस, खेरागढ़, कक्ष संख्या-1
- मतदेय स्थल संख्या-21: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, सैंया, कक्ष संख्या-1
- मतदेय स्थल संख्या-26: क्षेत्र पंचायत कार्यालय, फतेहाबाद, कक्ष संख्या-1
किस अधिनियम के तहत पुनर्मतदान होगा
आयोग ने लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58A(2)(a) के तहत इन केंद्रों पर पहले हुए मतदान को शून्य घोषित किया है। पुनर्मतदान के दौरान मतदाताओं की दाहिने हाथ की तर्जनी पर अमिट स्याही लगाई जाएगी।
अनियमितताओं की जांच के निर्देश
निर्वाचन आयोग ने उन लोगों को पुनर्मतदान की प्रक्रिया में कोई जिम्मेदारी नहीं देने का निर्देश दिया है, जिनकी अवैध गतिविधियों या अनियमितताओं के कारण दोबारा मतदान की नौबत आई। मामले में जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी तय की जाएगी। इनमें पुलिस और मतदानकर्मी भी शामिल हैं। आयोग ने आगरा मंडल के आयुक्त को मामले की तत्काल जांच कर 25 अक्टूबर तक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।
पुनर्मतदान के बाद मतगणना की अनुमति
आयोग के निर्देश के मुताबिक, तीनों बूथों पर पुनर्मतदान पूरा होने के बाद मतगणना शुरू करने के लिए निर्धारित प्रारूप में अनुमति लेनी होगी। इसके लिए भारत निर्वाचन आयोग से मंजूरी मिलने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
कितने प्रतिशत हुआ उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में मतदान?
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीट के लिए शुक्रवार को मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, इन चुनावों में 55.24 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चला।
इन सीट में पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सबसे अधिक 79.01 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 73.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 68.21 प्रतिशत, आगरा में 63.84 प्रतिशत, मेरठ में 60.80 प्रतिशत और लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 50.92 प्रतिशत मतदान हुआ। स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में आगरा में सबसे अधिक 51 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 41.40 प्रतिशत, वाराणसी में 41.01 प्रतिशत, मेरठ में 39.81 प्रतिशत और लखनऊ में 38.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
