यूपी में आज का मौसम (5 April 2026): उत्तर प्रदेश में मार्च माह के बाद अप्रैल के शुरुआती दिनों में भी बेमौसम बारिश का सिलसिला जारी है। उत्तरी पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण शनिवार को यूपी के कई हिस्सों में आंधी और बारिश दर्ज की गई। कई जिलों में ओले भी गिरे, जिसने फसलों को काफी नुकसान पहुंचाया। आंधी के कारण लखनऊ समेत कई शहरों में बिजली भी प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने आज भी यूपी में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 26 जिलों में ओले और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
यूपी में आज का मौसम (AI Image)
यूपी में क्यों बदल रहा मौसम
यूपी में अभी आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। IMD के अनुसार वायुमंडल में अभी दो वेदर सिस्टम एक्टिव हैं। जिसके प्रभाव से अरब सागर से नमी आ रही है, जिसके कारण प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। हालांकि रविवार को दोपहर बाद इसमें कमी आ सकती है। जिसके बाद 7 से 9 अप्रैल तक फिर से इसी तरह का मौसम बनने का पूर्वानुमान है।
यूपी में 6 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल को यूपी के दोनों हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंधी-बारिश का मौसम देखने को मिल सकता है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। जिसको लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। 9 अप्रैल से फिर मौसम सामान्य होने के आसार हैं।
यूपी के तापमान में उतार-चढ़ाव
यूपी में अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिल सकती है। जिसके बाद 2-3 दिनों के दौरान फिर से 2 से 3 डिग्री पारा ऊपर चढ़ सकता है, इसके बाद फिर 4 से 6 डिग्री तक तापमान में बढ़त हो सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 48 घंटों में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के आसार हैं, जिसके बाद कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है।
यूपी में शनिवार को कई जिलों में हुई बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, यूपी के मौसम पर इस समय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव है, जिसके चलते यहां आंधी-बारिश जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। शनिवार को प्रदेश के हिस्सों में मौसम में तेजी से बदलाव आया। सुबह से दोपहर तक कई बार आसमान में बादल छाए, लेकिन बिना बारिश के ही चले गई। लेकिन शाम को अचानक आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया। जिसके बाद आंधी और बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। कानपुर और आसपास के इलाकों में 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। यहां 21.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। आगरा में आंधी से एक मकान गिर गया। जालौन, हमीरपुर और बांदा में फसलों को नुकसान हुआ। कई जगहों पर आंधी के कारण बिजली ठप हो गई। देर रात तक कर्मचारी बिजली बहाल करने में व्यस्त रहे।
